शहर में देर रात आगजनी की दो घटनाओं से हड़कंप मच गया। तेजाजी नगर और बाणगंगा क्षेत्र में खड़ी बाइकों में आग लगने से वाहन जलकर खाक हो गए। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है।
तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में लिंबोदी गेट के सामने देर रात करीब डेढ़ बजे एक बाइक में आग लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अग्निशमन दल को खबर नहीं दी गई। आसपास के लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी।
बाणगंगा में बदमाशों ने मचाया उत्पात
दूसरी घटना बाणगंगा थाना क्षेत्र के वृंदावन कॉलोनी, किला मैदान इलाके की है। यहां अज्ञात बदमाशों ने खड़ी दो बाइकों में आग लगा दी। पीड़ित रवींद्र पाल के अनुसार, ये बाइक भागवत राव और प्रेमसिंह कीर की थीं। रात में आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
निगरानी कैमरों से तलाश
पुलिस के मुताबिक, आसपास लगे निगरानी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है, ताकि आग लगाने वाले आरोपियों की पहचान की जा सके।
