
इंदौर
इंदौर जिले में पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का कार्य आज से विधिवत प्रारंभ हो गया। लक्ष्मीनगर मंडी प्रांगण स्थित शासकीय गेहूं उपार्जन केंद्र का भव्य शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक श्री मधु वर्मा एवं कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में गेहूं खरीदी का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं किसानों की उपस्थिति में कृषक श्री विजू कुमावत एवं श्री अभिषेक यादव का साफा बांधकर एवं पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया गया तथा उनसे प्रतीकात्मक रूप से गेहूं खरीदी की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम में श्री सुमित मिश्रा, श्री श्रवणसिंह चावड़ा, श्री ईश्वर सिंह पटेल, श्री विशाल पाठक, श्री नारायण पटेल, श्री सुमेर सिंह सोलंकी, श्री घनश्याम भाटी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला उपार्जन समिति के अधिकारीगण एवं सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।
जिले में कुल 41,750 किसान पंजीकृत हैं, जिनमें से अब तक 7,840 किसानों ने स्लॉट बुक करा लिया है। जिले के 90 उपार्जन केंद्रों में से किसी भी केंद्र पर किसान अपनी सुविधा अनुसार तिथि का स्लॉट बुक कर अपनी उपज का विक्रय कर सकते हैं।
गेहूं खरीदी का कार्य जिले में 5 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा।
