आद्य गौड़ ब्राह्मण सेवा न्यास की मेजबानी में साहित्य अकादमी के निदेशक डॉ. विकास दवे होंगे मुख्य वक्ता
इंदौर आद्य गौड़ ब्राह्मण सेवा न्यास की मेजबानी में भगवान परशुराम के जयंती महोत्सव प्रसंग पर रविवार 26 अप्रैल को विमानतल मार्ग स्थित श्री श्री विद्याधाम पर सायं 7.30 बजे से श्री परशुराम यशोगाथा- भगवान परशुराम और राष्ट्र आराधना जैसे प्रासंगिक विषय पर महानिर्वाणी पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी श्री विशोकानन्द भारती महाराज (बीकानेर-काशी-हरिद्वार-अहमदाबाद-कोलकाता) के सानिध्य और मुख्य आतिथ्य में मप्र साहित्य अकादमी, मप्र शासन के निदेशक डॉ. विकास दवे मुख्य वक्ता के रूप में अपने प्रेरक और ओजस्वी विचार व्यक्त करेंगे। न्यास के अध्यक्ष पं. दिनेश शर्मा एवं महामंत्री सुरेश शर्मा “काका” ने बताया कि परशुराम जयंती पर न्यास की ओर से प्रतिवर्ष भगवान श्री परशुराम पर केन्द्रित व्याख्यान के प्रासंगिक आयोजन का सिलसिला शुरू किया गया है। इस श्रृंखला में इस बार डॉ. विकास दवे मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होकर भगवान परशुराम के जीवन चरित्र पर अपने प्रेरक विचार व्यक्त करेंगे। पं. शर्मा एवं न्यास के अन्य पदाधिकारियों ने समाज बंधुओं, विशेषकर विप्र जनों से आग्रह किया है कि वे अपने आराध्य भगवान परशुराम से जुड़े प्रेरक और तथ्यात्मक विचारों को सुनने का यह दुर्लभ प्रसंग अवश्य आत्मसात करें। कार्यक्रम स्थल पर श्रोताओं के लिए बैठक, रोशनी, सुरक्षा, पेयजल, वाहन पार्किंग सहित समुचित प्रबंध किए जा रहे हैं।