इंदौर
जिला प्रशासन ने कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन पर नि:शुल्क शिक्षा के अधिकार अधिनियम (RTE) में एडमिशन संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। अभिभावक जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर 0731-2431117 पर अपनी शिकायत सीधे दर्ज करा सकते हैं। यह हेल्पलाइन कार्यालयीन समय में संचालित रहेगी।
अभिभावकों से आग्रह किया गया है कि वे नि:शुल्क शिक्षा के अधिकार अधिनियम (RTE) में एडमिशन संबंधी किसी भी तरह की समस्याओं को इस नम्बर पर दर्ज करा सकते हैं। चयनित बच्चों को स्कूल में एडमिशन नहीं देने तथा किसी भी तरह से परेशान करने वाले स्कूतलों के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी।
इसी हेल्पलाइन पर स्कूलों में किताबों, स्टेशनरी एवं यूनिफॉर्म के नाम पर अधिक कीमत वसूली या अभिभावकों को जबरन खरीद के लिए बाध्य किए जाने की शिकायतें भी की जा सकती है।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने कहा कि हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की शिक्षा विभाग द्वारा त्वरित जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा नागरिक शैक्षणिक के साथ ही अन्य शिकायतें भी इसी हेल्पलाइन नंबर पर कार्यालयीन समय में दर्ज करा सकते हैं।
प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना तुरंत दें, ताकि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जा सके।
