इंदौर
भारत सरकार के संचार मंत्रालय के अंतर्गत भारतीय डाक विभाग द्वारा सम्पूर्ण इंदौर जिले में करने हेतु डाक जीवन बीमा (PLI) तथा ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) योजनाओं के व्यवसाय अर्जन के लिए डायरेक्ट एजेंट्स का चयन साक्षात्कार के माध्यम से किया जाना है। इस हेतु साक्षात्कार का आयोजन 20 मई को प्रातः 11.30 बजे से एम.जी. रोड स्थित श्री कृष्णा टाकीज के पास मुख्य डाकघर में आयोजित किया जाएगा।
इंदौर संभाग प्रवर अधीक्षक डाकघर से प्राप्त जानकारी के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को आकर्षक इंसेंटिव एवं कमीशन के आधार पर कार्य करने का अवसर प्रदान किया जाएगा। साक्षात्कार में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी का न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण अथवा समकक्ष होना आवश्यक है तथा न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए कंप्यूटर का आधारभूत ज्ञान एवं स्थानीय भाषा का समुचित ज्ञान होना आवश्यक है। मार्केटिंग एवं सेल्स का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने बायोडाटा, आधार कार्ड, पैन कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, शैक्षणिक योग्यता संबंधी प्रमाण पत्र, अन्य संबंधित दस्तावेज एवं पासपोर्ट साइज फोटो के साथ प्रवर अधीक्षक डाकघर, इंदौर नगर संभाग, एम.जी. रोड स्थित इंदौर नगर मुख्य डाकघर की तृतीय मंजिल, श्री कृष्णा टाकीज के पास उपस्थित हो सकते हैं।
आवेदन एवं अन्य जानकारी के लिए अभ्यर्थी निकटतम डाकघर अथवा दूरभाष क्रमांक 0731-2531173 एवं 7587598453 पर संपर्क कर सकते हैं
