
दो दिवसीय इंदौर प्रवास के दौरान विभिन्न धर्मस्थलों का दौरा, वर्ल्ड हिन्दू फेडरेशन के कार्यकर्ताओं से चर्चा
इंदौर वर्ल्ड हिन्दू फेडरेशन इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अनुज प्रहलाद दामोदरदास मोदी ने कहा है कि सनातन धर्म हमारी सबसे बड़ी पहचान, शक्ति और रक्षाकवच है। विडम्बना है कि आज कुछ विधर्मी और विदेशी ताकतें खुलेआम सनातन धर्म पर आक्रमण कर हमारे देवी-देवताओं का अपमान भी कर रही हैं और हमारे मंदिरों पर कब्ज़ा करने से लेकर हिन्दू समाज को विभाजित करने के दुष्प्रयासों में भी जुटी हुई हैं। हमारे त्योहारों पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं लेकिन अब वक्त आ गया है कि हमें इन सभी षड्यंत्रों से सतर्क रहकर सशक्त, संगठित और निरंतर प्रतिरोध करने की जरूरत है।
मोदी ने यह बात अपने इंदौर, बडवाह, ओंकारेश्वर और उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर पर दर्शन, पूजन एवं फेडरेशन से जुड़े कार्यकर्ताओं से मुलाकात एवं संबोधन के दौरान कही। फेडरेशन के प्रदेशाध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि मोदी ने सोमवार-मंगलवार को प्रदेश महामंत्री रोहित मित्तल, महिला मोर्चा अध्यक्ष सुनीता विनोद जायसवाल, बड़वाह इकाई के अध्यक्ष रवि जैन एवं अन्य कार्यकर्ताओं के साथ अंचल का दौरा किया। मोदी का ओंकारेश्वर मंदिर परिसर में पुष्पमाला, तिलक एवं सनातनी संस्कृति के अनुरूप स्वागत किया गया, वहीं महाकालेश्वर में भी उन्हें भगवान महाकाल की तस्वीर एवं प्रसाद भेंटकर सम्मानित किया गया। बड़वाह स्थित संत बालकदास महाराज के सुंदरधाम आश्रम पर उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों से भेंट के दौरान आव्हान किया कि वे हर गाँव में एक हिन्दू मंच बनाएं, हर युवा को सनातन योद्धा बनाएं, हर मातृशक्ति को हिन्दू समाज की रक्षक बनाएं और हर विधर्मी आक्रमण का संगठित होकर अहिंसक तरीके से प्रतिरोध करें। उन्होंने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र भाई के छोटे भाई के नाते नहीं, एक सनातनी हिन्दू के रूप में आपसे यह आग्रह कर रहा हूँ। आप आश्वस्त रहें कि आप अकेले नहीं हैं, पूरा हिन्दू समाज और देश का बड़ा हिस्सा आपके साथ है। जिस दिन हिन्दू जाग जाएगा उस दिन भारत विश्वगुरु बन जाएगा।
मोदी की इस यात्रा के दौरान लगभग सभी स्थानों पर फेडरेशन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने उनका जबरदस्त और गरिमापूर्ण स्वागत किया। उन्होंने कहा भी कि आप मध्यप्रदेश में सराहनीय काम कर रहे हैं और आप लोगों ने संगठन, सेवा और संघर्ष के तीनों स्तम्भों को मजबूती से थाम रखा है जिसके लिए प्रदेश अध्यक्ष संजय अग्रवाल और महामंत्री रोहित मित्तल तथा प्रदेश की महिला अध्यक्ष श्रीमती सुनीता जायसवाल सहित सभी पदाधिकारी अभिनन्दन के हक़दार हैं।
