150 कावड़ियों की टोली, 10 अगस्त को कोदरिया में होगा जलाभिषेक
—
महू।
आस्था, परंपरा और अनुशासन का प्रतीक जय शिव शंकर कावड़ यात्रा का 17वां आयोजन इस बार भी भव्य रूप से किया जा रहा है। राष्ट्रीय लोधी महासभा, संस्था समर्थ और जय शिव शंकर कावड़ यात्रा संघ कोदरिया महू के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा में ग्राम कोदरिया और आसपास के ग्रामों के लगभग 150 कावड़िये शामिल होंगे।
यात्रा संयोजक एडवोकेट मुकेश जरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि यह यात्रा 05 अगस्त 2026, मंगलवार शाम 7 बजे शहीद भगतसिंह चौराहा, कोदरिया से परंपरा अनुसार ओम्कारेश्वर के लिए प्रस्थान करेगी। “बोल बम” के जयकारों के साथ निकलने वाली यह यात्रा 6 दिन में लगभग 200 किमी का सफर तय करेगी।
यात्रा कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा:
06.08.2026 गुरुवार – ओम्कारेश्वर पहुंचकर भगवान ओंकारेश्वर का पूजन-दर्शन किया जाएगा। इसके पश्चात माँ नर्मदा की पूजा-अर्चना कर सभी कावड़िये माँ नर्मदा का पवित्र जल अपनी कावड़ में भरेंगे। इसके बाद भगवान शिव शंकर का रुद्राभिषेक और आरती कर कावड़ यात्रा विधिवत प्रारंभ होगी। रात्रि विश्राम केदार आश्रम, मोरटक्का में होगा। यहां केदार आश्रम के पीठाधीश्वर परम पूज्य महामंडलेश्वर डॉ. श्री हरीरामानंद जी महाराज का सानिध्य और प्रवचन प्राप्त होगा।
07.08.2026 शुक्रवार – यात्रा मोरटक्का से बलवाड़ा के लिए प्रस्थान करेगी। रात्रि विश्राम मंडी प्रांगण, बलवाड़ा में होगा।
08.08.2026 शनिवार – यात्रा बलवाड़ा से मेमदी पहुंचेगी। रात्रि विश्राम राजपूत समाज धर्मशाला, मेमदी में किया जाएगा।
09.08.2026 रविवार – यात्रा मेमदी से महू के लिए प्रस्थान करेगी। रात्रि विश्राम लोधी समाज धर्मशाला, महू में होगा।
10.08.2026 सोमवार – यात्रा महू से कोदरिया के लिए प्रस्थान करेगी। कोदरिया में भ्रमण के पश्चात अन्नपूर्णेश्वर मंदिर, कोदरिया में भगवान शिव शंकर का जलाभिषेक कर यात्रा का समापन होगा।
धर्म के साथ सेवा और संस्कार
यात्रा संयोजक मुकेश जरिया ने बताया कि इस यात्रा की विशेषता केवल धार्मिकता ही नहीं, बल्कि सेवा और संस्कार भी हैं। परंपरा अनुसार यात्रा मार्ग में वृक्षारोपण किया जाएगा। कावड़ियों को यात्रा आचार्य पंडित श्री राहुल जी शर्मा द्वारा स्वच्छता, साफ-सफाई और आध्यात्मिक मार्गदर्शन दिया जाएगा।
यात्रा को अनुशासित और सफल बनाने के लिए यात्रा प्रभारी नरेन्द्र कौशल और यात्रा अध्यक्ष संदीप कौशल पूरी व्यवस्था देखेंगे।
समाज में उत्साह
इस 17वें आयोजन को लेकर कोदरिया और आसपास के क्षेत्र में भारी उत्साह है। श्रद्धालु जगह-जगह कावड़ियों का स्वागत और जलपान की व्यवस्था करेंगे। आयोजन समिति ने सभी भक्तों से अपील की है कि वे यात्रा में अनुशासन बनाए रखें और पर्यावरण का ध्यान रखें।
“हर हर महादेव, बोल बम” के उद्घोष के साथ निकलने वाली यह कावड़ यात्रा क्षेत्र में आस्था और एकता का संदेश देगी।
