घर-घर में हुई पूजा अर्चना और स्वागत मंच लगाकर की गई पुष्प वर्षा, बड़ी संख्या में मातृशक्ति भी हुई शामिल
इंदौर

बर्फानी धाम के पीछे गणेश नगर के शिव हनुमान मंदिर से फूलों से सुसज्जित पालकी में विराजित होकर पुष्प दंतेश्वर महादेव आज शाम नगर भ्रमण पर अपनी प्रजा का हाल जानने निकले। पालकी के आगे-आगे भक्तों की टोली के साथ ढोल नगाड़े, झांज मजीरे और भजन मंडली में शामिल श्रद्धालु और मातृशक्ति का उत्साह देखते ही बन रहा था।
माता केशरबाई धार्मिक एवं पारमार्थिक न्यास की मेजबानी में निकली इस पालकी यात्रा के पूर्व क्षेत्र के भक्तों ने उत्सव संयोजक तुलसीराम रघुवंशी एवं रेवत सिंह रघुवंशी के मार्गदर्शन में भगवान का मनोहारी श्रृंगार भी किया। जैसे ही भगवान पुष्प दंतेश्वर महादेव को मंदिर से सुसज्जित पालकी में विराजित किया गया, भक्तों का उत्साह चरम पर पहुँच गया। गणेश नगर से प्रारम्भ यह पालकी यात्रा आसपास के क्षेत्रों में पहुंची तो घर-घर से पुष्प वर्षा और पूजा अर्चना का सिलसिला शुरू से अंत तक चलता रहा। मार्ग में अनेक स्थानों पर पालकी का मंच एवं तोरण द्वार लगाकर स्वागत किया गया। हर-हर महादेव और बोल बम के उद्घोष के बीच भगवान भोलेनाथ की पूजा आराधना कर क्षेत्र के नागरिकों ने उनसे समूचे अंचल में सुखद वर्षा की प्रार्थना की। क्षेत्र के युवा एवं महिला मंडल भी इस यात्रा में शामिल हुए। पुनः शिव-हनुमान मंदिर पहुँचने पर आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ समापन हुआ।
