इंदौर

शहर के पश्चिमी क्षेत्र स्थित अन्नपूर्णा मंदिर पर श्रावण मास में 11 विद्वान पंडितों द्वारा महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंद गिरि के सानिध्य में लघु रूद्र एवं सहस्त्रार्चन अनुष्ठान जारी है। आश्रम के संचालक स्वामी जयेन्द्रानंद गिरि ने बताया कि दूसरे सोमवार को भगवान काशी विश्वनाथ के सहस्त्रार्चन के साथ ही मुख्य मंदिर पर फूलों, पत्तियों एवं रंगीन गुब्बारों, बर्फ, रूई आदि से भगवान अर्धनारीश्वर के रूप में आकर्षक श्रृंगार किया गया। भगवान शिव का सहस्त्रार्चन भी किया गया। प्रमुख मंदिरों में आकर्षक श्रृंगार कर भक्तों में प्रसाद वितरण किया गया। मंदिर के ट्रस्टी श्याम सिंघल ने बताया कि आश्रम स्थित शिव मंदिर पर दूसरे सोमवार को सुबह से देर शाम तक भक्तों की कतारें लगी रही। यहाँ पूरे श्रावण माह शिव मंदिर सहित सभी देवालयों में विशेष श्रृंगार, पूजन एवं दर्शन के प्रबंध किए गए हैं।
