इंदौर राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रीजनल पार्क स्थित पिंड पंजाब ढाबे पर खाना खाने आए युवकों की गाड़ी का नंबर देखकर कुछ बदमाशों ने उनसे विवाद शुरू कर दिया। मना करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों, चमचों और झारे से युवकों पर हमला कर दिया और उनकी कार में जमकर तोडफोड़ की। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों और उनके साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मूल रूप से भिंड रोड (ग्वालियर) निवासी तथा वर्तमान में इंद्रपुरी कॉलोनी इंदौर में रह रहे फरियादी निर्देश सिंह पिता रामनिवास सिंह घुरैया ने राजेंद्र नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। निर्देश ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ रीजनल पार्क स्थित पिंड पंजाब ढाबे पर गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद आरोपी हरदीप, सत्यम और उनके अन्य साथियों ने उनकी कार क्रमांक एमपी ०६ टीए ऊअ ११२२ का नंबर देखा। नंबर देखकर आरोपी कहने लगे कि तुम लोग भिंड- मुरैना के हो, दो दिन पहले तुम्हारे क्षेत्र के लोगों ने हमारे यहां झगड़ा किया था। जब पीड़ितों ने उस विवाद से अपना कोई संबंध न होने की बात कही, तो आरोपी गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपी हरदीप, सत्यम और उनके साथियों ने पीड़ित की कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी, जिससे कार के बाएं और पीछे के गेट, ब्रेक लाइट तथा शीशे पूरी तरह टूट गए। इसके बाद आरोपियों ने डंडों, बड़े चमचों और झारे से हमला कर दिया। हमले में निर्देश सिंह के दोनों पैरों, दाहिने हाथ व उंगलियों में चोट आई है, जबकि उसके साथी अनिकेश, लाखन, शैलेश, शिवा, राहुल, गगन, मयंक और मनीष भी गंभीर रूप से घायल हो गए। जाते-जाते बदमाश जान से मारने की धमकी दे गए। राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
