एक हजार से अधिक साधक रक्षा बंधन के दिन होंगे शामिल – गायत्री महायज्ञ भी होगा
इंदौर, विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम पर ब्रह्मलीन महामंडलेश्वर स्वामी गिरिजानंद सरस्वती ‘भगवन’ द्वारा स्थापित परंपरा के अनुसार महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती की प्रेरणा से श्रावणी उपाकर्म का शास्त्रोक्त अनुष्ठान वैदिक पद्धति से गुरुवार, 27 अगस्त को प्रातः 9 बजे से आयोजित किया गया है, जिसमें लगभग एक हजार साधक भाग लेंगे। गायत्री महायज्ञ भी होगा।
आश्रम परिवार के सुरेश शाहरा, पं. दिनेश शर्मा एवं राजेन्द्र महाजन ने बताया कि श्रावणी उपाकर्म में स्वामी गिरिजानंद सरस्वती वेदवेदांग विद्यापीठ के नूतन वेदपाठी एवं 200 से अधिक अन्य साधक भी भाग लेंगे। इस बार 100 से अधिक नए बटुक भी शामिल होंगे। इस दौरान आचार्य पं. राजेश शर्मा के निर्देशन में 21 विद्वान पवित्रीकरण, आचमन, प्राणायाम, स्वस्ति वाचन, देवता नमस्कार, हेमाद्रि संकल्प, दशविध स्नान, दान, तर्पण, मार्जन, सप्तऋषि पूजन सहित विभिन्न शास्त्रोक्त क्रियाएं संपादित कराएंगे। इस संपूर्ण प्रक्रिया में लगभग पांच घंटे का समय लगेगा।
