
वर्ल्ड हिन्दू फेडरेशन द्वारा खंडवा रोड पर स्थापित ओम महाकाल कावड़ सेवा शिविर में पहुंचे महामंडलेश्वर ज्योतिर्मयानंद गिरि
इंदौर वर्ल्ड हिन्दू फेडरेशन की ओर से तेजाजी नगर, खंडवा रोड पर श्रावण मास में ओंकारेश्वर, खेड़ीघाट और मंडलेश्वर से महाकालेश्वर तक आने-जाने वाले कावड़ यात्रियों की सेवा के लिए स्थापित ओम महाकाल कावड़ सेवा शिविर में युगपुरुष धाम हरिद्वार से पधारे महामंडलेश्वर स्वामी ज्योतिर्मयानंद गिरि ने पहुंचकर कावड यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन भी किया और मार्ग से गुजर रहे कावड यात्रियों को भगवान महाकाल की प्रतिकृति भेंट कर आह्वान किया कि वे सनातन धर्म एवं सेवा के मार्ग पर चलकर एक समृद्ध और संस्कारित राष्ट्र के निर्माण में भागीदार बनें।
शिविर संयोजक वर्ल्ड हिन्दू फेडरेशन के प्रदेशाध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि इस अवसर पर समाजसेवी रामबाबू अग्रवाल, विजय शादीजा, गणपत सिंह गौड़, खेमराज बरोड़ एवं मंडल अध्यक्ष पृथ्वी गोरे सहित अनेक विशिष्टजन भी उपस्थित थे जिन्होंने महामंडलेश्वरजी एवं कावड़ यात्रियों का स्वागत किया। महामंडलेश्वरजी ने शिविर की व्यवस्थाओं को देखकर भाव विभोर होते हुए कहा कि श्रद्धा, एकता और अनुशासन के साथ भगवान महाकाल की आराधना एवं माँ नर्मदा के प्रति समर्पण का यह भाव वन्दनीय प्रयास है। कावड़ यात्री धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक और नैतिक मूल्यों को भी मजबूत बना रहे हैं। यह अभिनन्दनीय पुरुषार्थ है। उन्होंने शिविर संयोजक संजय अग्रवाल एवं अन्य सहयोगी बंधुओं को साधुवाद देते हुए उनके प्रयासों की खुलेमन से सराहना की।
