नवलखा स्थित काँटाफोड़ मंदिर से निकलने वाली यात्रा में महाकालेश्वर की भक्त मंडली सहित होंगे अनेक आकर्षण
इंदौर नवलखा स्थित मनकामेश्वर कांटाफोड़ शिव मंदिर पर श्रावण मास पर निकलने वाली परम्परागत नगर भ्रमण यात्रा इस बार रविवार 23 अगस्त को सुबह 9.30 बजे से पूरे लाव लश्कर के साथ मंदिर परिसर से प्रारम्भ होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष विष्णु बिंदल, टीकमचंद गर्ग, संयोजक बी.के. गोयल ने बताया कि यह यात्रा विधायक गोलू शुक्ला के मुख्य आतिथ्य में मंदिर से प्रारम्भ होकर परम्परागत मार्गों से अग्रसेन प्रतिमा, अग्रवाल नगर, जानकी नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से होकर पुनः मंदिर पहुंचेगी। यात्रा का मार्ग में घर-घर से भव्य स्वागत करने की तैयारियां की जा रही हैं। भजन गायक हरिकिशन साबू (भोंपूजी) अपने भजनों की गंगा प्रवाहित करते हुए चलेंगे। यात्रा में महाकालेश्वर मंदिर उज्जैन की भक्त मंडली सहित अनेक झांकियां और अन्य आकर्षण भी रहेंगे। शिवजी की बारात भी साथ चलेगी। सोमवार 24 अगस्त को शाम 6.30 बजे से मंदिर पर भगवान जगन्नाथजी, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के रूप में मनोहारी श्रृंगार किया जाएगा। इस श्रृंगार के लिए कोलकाता के प्रख्यात कलाकारों की टीम इंदौर पहुँच गई है, जो जगन्नाथपुरी के निर्माण में दिन रात जुटी हुई है।
