शहर के 45 प्रमुख अग्रवाल महिला संगठनों की भागीदारी में घर-घर होगा स्वागत और पूजन

इंदौर श्री अग्रोहा कपल ग्रुप एवं जय दादी दरबार की मेजबानी में भादवी अमावस्या के उपलक्ष्य में गुरुवार, 10 सितम्बर को सुबह 7 बजे से स्नेह नगर स्थित हनुमान मंदिर, वृंदावन गार्डन से अग्रवाल नगर स्थित राणी सती दादी के मंदिर तक भव्य प्रभातफेरी का आयोजन किया जाएगा। शहर के 45 प्रमुख अग्रवाल महिला संगठन इस प्रभातफेरी में अपनी भागीदारी दर्ज कराएंगे। पिछले 13 वर्षों से चली आ रही प्रभातफेरी की इस परंपरा में स्नेह नगर, पटेल नगर, मनीष बाग, भगवानदीन नगर एवं अग्रवाल नगर सहित पूरे शहर की महिलाएं परंपरागत परिधान में शामिल होंगी। इस दौरान सौलह श्रृंगार स्पर्धा भी आयोजित की जाएगी और प्रभातफेरी मार्ग में लकी ड्रा से इक्कीस महिलाओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
कार्यक्रम की प्रमुख संयोजक श्रीमती संगीता-अरविन्द बागड़ी ने बताया कि भादवी अमावस्या पर अपनी आराध्य दादी के इस उत्सव को धूमधाम से मनाने, प्रभातफेरी का न्यौता सभी क्षेत्रों में घर-घर देने और दादी के आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए पूरे जोश और उत्साह से प्रभातफेरी में सैकड़ों महिलाऐं शामिल होंगी। शनिवार को महिला संगठनों की बागड़ी सदन पर आयोजित बैठक में संयोजक श्रीमती संगीता बागड़ी, श्रीमती उषा-राजेश बंसल, श्रीमती निर्मला जिंदल, किरण तायल, पुष्पा गुप्ता, शीतल तोडीवाला, ज्योति अग्रवाल (जूनी इंदौर), कविता-दिलीप गर्ग, श्रीमती ममता गर्ग, सोनाली अग्रवाल, रुपाली अग्रवाल, चंचल अग्रवाल एवं श्रीमती ज्योति अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में शहर के 45 महिला संगठनों से जुडी बहनें शामिल हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि दादी के लिए गजरे की व्यवस्था चंचल-नीतेश अग्रवाल, रथ की तैयारी के लिए विनोद-निर्मला, किरण तायल के साथ ही भजन गाड़ी, रथ के श्रृंगार एवं प्रभात फेरी के लिए साउंड की गाड़ी की व्यवस्था सहित विभिन्न प्रबंधों पर चर्चा की गई।
प्रभातफेरी 10 सितम्बर को सुबह 7 बजे स्नेह नगर वृंदावन गार्डन से प्रारंभ होकर पटेल नगर, मनीष बाग, भगवानदीन नगर, अग्रवाल नगर होते हुए अग्रवाल नगर स्थित राणी सती मंदिर पर पूजा-अर्चना के साथ सम्पूर्ण होगी। इस दौरान महिलाएं राजस्थानी चुनरी और पुरुष श्वेत वस्त्र पहनकर शामिल होंगे। प्रभातफेरी मार्ग पर 100 से अधिक घरों से भक्तों का स्वागत एवं दादी का पूजन होगा।
