इंदौर पंढरीनाथ थाना क्षेत्र में मोबाइल छीनकर युवक को कमरे में बंद कर बेल्ट से बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले तो बात करने के बहाने पीड़ित का मोबाइल छीना और फिर उसे एक कमरे में ले जाकर अपने साथी के साथ मिलकर उसकी जमकर पिटाई कर डाली। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, फरियादी जिकुरला पिता तबरेज दिवान निवासी मोती तबेला ने पंढरीनाथ थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। फरियादी ने बताया कि वह गली में खड़ा होकर मोबाइल चला रहा था, तभी क्षेत्र का अरबाज अंसारी अपने साथी नौशाद के साथ वहां पहुंचा। अरबाज ने किसी से बात करने का बहाना बनाकर जिकुरला से मोबाइल मांगा। जब फरियादी ने मोबाइल देने से इनकार किया, तो आरोपी अरबाज जबरन उसके हाथ से मोबाइल छीनकर आगे बढ़ गया। पीड़ित अपना मोबाइल वापस लेने के लिए अरबाज के पीछेपीछे चलने लगा। आरोपी उसे राजा हुसैन नामक व्यक्ति के कमरे पर ले गया और वहां मौजूद राजा को बाहर भेज दिया। इसके बाद अरबाज और नौशाद ने अंदर से कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। दोनों आरोपियों ने फरियादी के साथ गंदी-गंदी गालियां देते हुए बेल्ट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और जमकर मारपीट की।
