इंदौर आजाद नगर थाना क्षेत्र में नानी के घर मिलने पहुंचे एक युवक को क्षेत्र के बदमाशों ने बेवजह घेर लिया और फिर लात-घूँसों व लकड़ी के डंडों से जमकर पिटाई कर दी। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, गोप कॉलोनी निवासी मोहम्मद खुर्शीद ने आजाद नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरियादी ने बताया कि वह मदीना नगर गेट के पास स्थित अपनी नानी के घर गया था। वहां जैसे ही उसने अपनी गाड़ी खड़ी की, तभी इलाके के बदमाश सैफा, शाहरुख उर्फ पेट्रोल और उनका एक साथी वहां आ धमके और बिना किसी कारण के गाली-गलौज करने लगे।जब पीड़ित ने गाली देने से मना किया, तो आरोपी आपा खो बैठे। आरोपी शाहरुख उर्फ पेट्रोल ने अपने पास रखे लकड़ी के डंडे से फरियादी पर हमला कर दिया, जिससे उसके दाहिने हाथ और कंधे पर गंभीर चोटें आईं। वहीं, सैफा और उसके साथी ने भी पीड़ित को नीचे गिराकर लातघूँसों से बुरी तरह पीटा। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हुए, जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।
