इंदौर। एरोड्रम थाना क्षेत्र के अंजनि नगर में दुकानों के सामने वाहन पार्किंग और होर्डिंग बोर्ड लगाने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। पड़ोसी दुकान संचालक डॉक्टर पर आरोप लगा है कि उसने चश्मे की दुकान का बोर्ड तोड़ दिया और विरोध करने पर दुकानदार व उसके साथी के साथ अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दे डाली। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार फरियादी शुभम पिता मुकेश जैन निवासी कालानी नगर की अंजनि नगर में शुभ आईकेयर नाम से चश्मे की दुकान है। शुभम ने डॉक्टर सोमेश खत्री के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उनकी दुकान के पास ही आरोपी डॉ. अफरोज खान की भी दुकान है। आरोपी आए दिन फरियादी की दुकान के बोर्ड पर अपना बोर्ड लगा देता था, पार्किंग में जबरन गाड़ी खड़ी कर देता था और आने-जाने वाले ग्राहकों को भगा देता था। बीती गुरुवार रात करीब 9 बजे आरोपी डॉ. अफरोज खान निवासी अंजनि नगर ने फरियादी की दुकान के ठीक सामने अपनी गाड़ी पार्क कर दी। जब शुभम ने गाड़ी हटाने को कहा, तो आरोपी आक्रोशित होकर गालियां देने लगा। फरियादी और पास में मौजूद डॉ. सोमेश खत्री ने जब गालीगलौज करने से मना किया, तो आरोपी ने दोनों के साथ अभद्र व्यवहार किया। विवाद के दौरान आरोपी डॉ. अफरोज ने तैश में आकर शुभम की दुकान का होर्डिंग बोर्ड तोड़ दिया और जाते-जाते धमकी दी कि अभी तो गाड़ी लगाई है, आइंदा तुम दोनों को जान से खत्म कर दूंगा।घटना के बाद पीडि़त व्यापारी थाने पहुंचे। एरोड्रम थाना पुलिस ने फरियादी शुभम जैन की रिपोर्ट पर आरोपी डॉ. अफरोज खान के खिलाफ गाली-गलौज, तोडफ़ोड़ और जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में अपराध कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
