इंदौर। शहर में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत क्राइम ब्रांच इंदौर को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ब्राउन शुगर की अवैध तस्करी करने वाले मुख्य सप्लायर को मंदसौर से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के पास से 18.89 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर जब्त की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये बताई जा रही है। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार, मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर बीते 31 अगस्त को टीम ने अरविंदो लवकुश चौराहा स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर रोड के पास घेराबंदी की थी। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में घूम रहे ई-रिक्शा चालक राहुल सौदागर निवासी छत्रीपुरा, इंदौर को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसकी पैंट की जेब से 18.89 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जब कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने खुलासा किया कि वह यह नशे की खेप मंदसौर निवासी अय्यूब कुरैशी से खरीदकर लाया था। ई-रिक्शा चालक की निशानदेही पर क्राइम ब्रांच की टीम ने तुरंत मंदसौर में दबिश दी और मुख्य सप्लायर अय्यूब कुरैशी (निवासी मंदसौर) को धर दबोचा। आरोपी पेशे से दिहाड़ी मजदूरी करता है और इसकी आड़ में अवैध ड्रग्स की सप्लाई का नेटवर्क चला रहा था। पुलिस ने मामले में धारा 8/21 के साथ 29 एनडीपीएस एक्ट का इजाफा करते हुए अय्यूब को भी प्रकरण में आरोपी बनाया है। क्राइम ब्रांच अब दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर गिरोह से जुड़े अन्य फॉरवर्ड व बैकवर्ड लिंकेज, स्थानीय खरीदारों और नेटवर्क के मुख्य सरगनाओं के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
