इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित एमआर-10 रोड पर बाइक सवार दो बदमाशों ने घर के बाहर बात कर रहे एक युवक का मोबाइल छीन लिया। फरियादी द्वारा पीछा करने पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। फरियादी की शिकायत पर बाणगंगा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ लूट व हमले का मामला दर्ज कर लिया है।म् पुलिस के अनुसार, सांवेर रोड सेक्टर एफ निवासी अंकित पिता सुरेंद्रसिंह भदोरिया 26 अगस्त की रात घर के बाहर खड़े होकर मोबाइल पर बात कर रहे थे तभी एचआर ग्रीन के सामने एमआर-10 रोड मेट्रो ब्रिज के नीचे मोट रसाइकिल एमपी-09 एएन-6460 से आए दो बदमाशों ने उनका मोबाइल झपट लिया। फरियादी अंकित ने जब बदमाशों का पीछा किया, तो बाइक के पीछे बैठा आरोपी विशाल निवासी न्यू देवास हाल मुकाम कुमेडी रोड गिर गया। पकड़े जाने के डर से विशाल ने जेब से स्प्रिंगनुमा चाकू निकालकर फरियादी पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद साथी आदर्श मिश्रा और राहगिरों ने बीच-बचाव किया। इसी दौरान बाइक चला रहा उसका साथी अंकित निवासी देवास हाल मुकाम कुमेडी रोड जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। घायल फरियादी का इलाज पहले अरबिंदो अस्पताल और बाद में बापट अस्पताल में कराया गया। बाणगंगा थाना पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपी विशाल और अंकित के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
