चंदन नगर थाना क्षेत्र के अंबार नगर चौराहे की घटना,चालक को झपकी आने से हुआ हादसा इंदौर (सिटी ब्लास्ट)। चंदन नगर थाना क्षेत्र के धार रोड स्थित अंबार नगर चौराहे पर बीती रात एक बड़ा हादसा होने से टल गया। यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार स्लीपर कोच बस अचानक अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पास मौजूद एक पेड़ उखडक़र नीचे गिर गया, वहीं वहां खड़ी एक कार भी बस की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में चौराहे पर स्थित शीतला माता मंदिर के एक हिस्से को भी नुकसान पहुंचा है। बताया जा रहा है कि हादसा बस चालक को अचानक झपकी आ जाने के कारण हुआ। चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और बस लहराते हुए बिजली के पोल, खड़े वाहन और मंदिर के हिस्से से टकराती चली गई। पोल टूटने और पेड़ गिरने के चलते क्षेत्र की बिजली सप्लाई तुरंत बाधित हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और चंदन नगर थाना पुलिस की टीम तुरंत राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचे। राहत की बात यह रही कि इस भीषण दुर्घटना में बस में सवार किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना के बाद पुलिस ने स्थिति को संभाला और बिजली विभाग को सूचना देकर बाधित सप्लाई को दुरुस्त करने का काम शुरू कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सडक़ से हटवाकर यातायात सुचारू किया गया।
