दीपावली पर्व के दौरान जनसामान्य की सुरक्षा को देखते हुए मांगलिया सड़क स्थित पेट्रोलियम डिपो और उसके आसपास की 500 मीटर की सीमा में आतिशबाजी को पूर्णरूप से प्रतिबंधित किया गया है। इस संबंध में एसडीएम श्री घनश्याम धनगर ने नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किये हैं। यह आदेश 18 अक्टूबर से 31अक्टूबर तक लागू होगा। आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरूद्ध कार्रवाई की जायेगी !
इंदौर के संजय सेतु पर बने टू व्हीलर पार्किंग स्टेशन के नीचे शनिवार को आग लग गई। आग की लपटें ऊपर तक उठती रहीं। फायर ब्रिगेड ने ढाई हजार लीटर पानी डालकर आग पर काबू पा लिया है। आग लगने के कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। आग लगने के कारण इलाके में अफरा-तफरी मच गई ।

धनतेरस के दिन पुलिस ने 272 लोगों के मोबाइल फोन वापस किए जिनकी कीमत लगभग एक करोड़ रुपए है । जिन लोगों के गुम हुए मोबाइल फोन मिले, उन्हें शनिवार को रीगल स्थित पुलिस मीटिंग हॉल में बुलाया गया। यहां कई लोग अपने मोबाइल के डॉक्यूमेंट्स और मोबाइल के बॉक्स तक लेकर पहुंचे। डीसीपी राजेश त्रिपाठी और एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने लोगों के नाम बुलाकर उन्हें उनके मोबाइल फोन वापस किए ।

धनतेरस पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने नंदानगर स्थित अपनी पुश्तैनी किराने के दुकान पर बैठे। इस दौरान उन्होंने ग्राहकों को अपने हाथों से सामान भी तौलकर दिया। साथ ही ग्राहकों से उनके हालचाल जाने और दीपोत्सव की शुभकामनाएं भी दी।उन्होंने बताया एक समय यही दुकान पूरे परिवार की आय का साधन थी इसे भूल पाना असंभव है ।

