अब तक 600 प्रविष्टियाँ प्राप्त-बहुरंगी परिचय पुस्तिका का प्रकाशन भी होगा
इंदौर 24 अक्टूबर। अग्रवाल यूथ फेडरेशन के तत्वावधान में अग्रवाल समाज का अ.भा. युवक-युवती परिचय सम्मलेन का दिव्य आयोजन 15-16 नवंबर को गाँधी हॉल प्रांगण पर होगा। संस्था द्वारा देश के विभिन्न शहरों में अब तक 194 राष्ट्रीय स्तर के परिचय सम्मेलन आयोजित किए जा चुके हैं। इन सम्मेलनों के माध्यम से प्रति वर्ष औसतन तीन हजार से अधिक रिश्ते तय होते आए हैं। परिचय सम्मलेन के अवसर पर बहुरंगी परिचय पुस्तिका का प्रकाशन भी किया जा रहा है।
फेडरेशन के अध्यक्ष राधाकिशन अग्रवाल ने बताया कि अब तक 600 पंजीयन प्राप्त हो चुके हैं। इनमें अधिकांश प्रत्याशी उच्च शिक्षित होकर एम. बी. ए., एम. सी.ए., डॉक्टर, सी.ए. एवं अपने-अपने प्रतिष्ठित कारोबार में स्थापित प्रत्याशी शामिल हैं। सभी प्रत्याशियों के सचित्र परिचय बहुरंगी स्वरूप में प्रकाशित किए जा रहे हैं। सम्मलेन की दिव्यता को देखते हुए विभिन्न समितियों का गठन किया जा रहा है । जिनमें 80 कार्यकर्ता अपनी सेवाएँ देंगे। सम्मेलन के प्रति समाज बंधुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है, क्योंकि सोशल मीडिया पर पहली सूचना जारी होने के बाद ही एक सप्ताह की अवधि में 600 पंजीयन प्राप्त हो चुके हैं। आयोजन से जुड़े ललित बिंदल एवं विजय बाबू बंसल ने बताया कि पिछले 36 वर्षों से लगातार संस्था द्वारा गाँधी हॉल परिसर में परिचय सम्मलेन का आयोजन किया जा रहा है। कोरोना काल को छोड़कर अब तक लगातार परिचय सम्मलेन होते रहे हैं। इस बार भी पत्रिका मिलान के लिए उज्जैन से प्रकांड ज्योतिषी एवं विद्वान आमंत्रित किए गए हैं जो सम्मेलन स्थल पर दोनों दिन अपनी सेवाएँ देंगे।
अग्रवाल समाज के युवक-युवतियों के साथ रिश्ते तय करने के इच्छुक अन्य वैश्य समाज जैसे महेश्वरी, नीमा, चित्तौड़ा, खंडेलवाल, जैन, विजयवर्गीय, पोरवाल एवं अन्य वैश्य प्रत्याशी भी अपने बायोडाटा फेडरेशन के व्हाट्सअप 99269-55121 पर भिजवा सकते हैं। प्रविष्टि की अंतिम तिथि 8 नवंबर तय की गई है। जो प्रत्याशी व्हाट्सअप पर पंजीयन नहीं करा पा रहे हैं वे संस्था के 24/2, उषागंज, छावनी इंदौर के पते पर भी अपने पंजीयन आवेदन भिजवा सकते हैं।
