धनतेरस के बाद से सोने और चांदी के दाम में भारी गिरावट आई है। 10 दिन में चांदी लगभग 31,000 रुपए सस्ती हो गई जबकि 7 दिन सोने के दाम भी करीब 8000 रुपए प्रति 10 ग्राम गिर गए। सोने के दाम आज घटकर 1,23354 रुपए हो गए। वहीं चांदी के दाम भी 1,78,100 से घटकर 1,51,450 रुपए रह गए। धनतेरस के दिन सोना 1,32,400 और चांदी 1,70,000 रुपए थी। निवेशकों ने जमकर की मुनाफा वसूली। अमेरिका में ब्याज दरों में कटौती नहीं होने का भी असर सोने चांदी पर गिर रहा है। इस बीच पुतिन ने एक सार्थक पहल करते हुए अपना विशेष दूत ट्रंप के पास भेजा है। अगर रूस यूक्रेन युद्ध पर दोनों में बात बनती है तो सोने चांदी के दाम गिर सकते हैं। अमेरिका में फिलहाल शटडाउन से हालत चिंताजनक बने हुए हैं। शटडाउन खत्म होने के बाद दोनों धातुओं की कीमतों में और कमी आ सकती है।

यह भी कहा जा रहा है कि अगर डॉलर कमजोर हुआ और अमेरिका मंदी की चपेट में आया तो सोने चांदी के दाम में आग लग सकती है। बहरहाल निवेशकों सोने चांदी में निवेश करते समय सतर्क रहने की आवश्यकता है। घरेलू वायदा बाजार MCX पर शनिवार सुबह सोना 1.23 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर था जबकि चांदी की कीमत 1.47 लाख रुपए प्रति किलो थी। भले ही एमसीएक्स पर सोने चांदी के दामों में भारी गिरावट आई हो पर बाजार से सोना चांदी खरीदने पर लोगों को उतना फायदा नहीं मिल रहा है। हालांकि दीपावली के बाद उन्हें कम प्रीमियम देनी होगी।
