विद्याधाम पर गोपाष्टमी पर गौमाता को परोसे जाएँगे
56 भोग, कल आंवला नवमी पर होगा अन्नकूट महोत्सव
देश के दूसरे शालिग्राम मंदिर पर तुलसी विवाह का आयोजन 1 नवंबर को-उत्सवों की व्यापक तैयारियां पूरी

इंदौर, । विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम पर महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के सानिध्य में बुधवार 29 अक्टूबर को गोपाष्टमी पर गौपूजन एवं गौमाता के लिए विशेष अन्नकूट महोत्सव का अनूठा आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर आश्रम से जुड़े हजारों श्रद्धालु 56 भोग के रूप में गोवंश को विभिन्न व्यंजन समर्पित करेंगे। आश्रम पर गुरुवार 30 अक्टूबर को आंवला नवमी पर आंवले के वृक्ष के नीचे 11 विद्वानों द्वारा भगवान विष्णु का पूजन कर माँ भगवती को सांय 6 बजे 56 भोग समर्पित कर महाआरती की जाएगी। देव प्रबोधिनी एकादशी शनिवार 1 नवंबर को तुलसी-शालिग्राम विवाह का आयोजन भी होगा । विद्याधाम पर देश का दूसरा शालिग्राम मंदिर है। पहला मंदिर जम्मू के रघुनाथ मंदिर परिसर में है। बुधवार ५ नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा का पर्व भी मनाया जाएगा।
आश्रम परिवार के सुरेश शाहरा, पं. दिनेश शर्मा एवं राजेन्द्र महाजन ने बताया कि 29 अक्टूबर को गोपाष्टमी पर गौ पूजन एवं गौ माता के लिए विशेष अन्नकूट महोत्सव मनाया जाएगा, जिसमें गोवंश को छप्पन भोग समर्पित कर महाआरती की जाएगी। विद्याधाम पर पिछले कई वर्षों से परंपरागत रूप से गोपाष्टमी पर गोवंश के लिए 56 भोग समर्पित किए जा रहे हैं। इस बार भी गाय के गोबर से गिरिराज पर्वत एवं भगवान कृष्ण की झांकी सजाकर गौ भक्तों के लिए अपने हाथों से गौ माता को 56 भोग परोसने की व्यवस्था की जा रही है। शाम को 6.30 बजे महाआरती होगी। अनेक श्रद्धालु अपने-अपने घरों से गौमाता के लिए व्यंजन बनाकर लाएँगे। इसी तरह गुरुवार 30 अक्टूबर को आंवला नवमी पर सुबह 10.30 बजे आश्रम परिसर स्थित आंवले के वृक्ष के नीचे महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानन्द सरस्वती के सानिध्य एवं आचार्य पं. राजेश शर्मा के निर्देशन में 11 विद्वानों द्वारा भगवान विष्णु का पूजन किया जाएगा तथा संध्या को 6 बजे माँ भगवती को 56 भोग समर्पित कर महाआरती के पश्चात महाप्रसादी का क्रम शुरू होगा। विद्याधाम पर करीब 15 हजार श्रद्धालु इस उत्सव में प्रतिवर्ष पुण्यलाभ लेते हैं।
आश्रम परिवार के यदुनंदन माहेश्वरी,पं. संजय पंडित , रमेश पसारी, रमेश चंद्र राठौर, सुरेश शर्मा, सत्यनारायण शर्मा, चंदन तिवारी को विभिन्न व्यवस्था समितियों का जिम्मा सौंपा गया है। उत्सवों की श्रृंखला में शनिवार, 1 नवंबर को देव प्रबोधिनी एकादशी पर तुलसी शालिग्राम विवाह होगा। श्री श्रीविद्याधाम पर देश का दूसरा शालिग्राम मंदिर है। पहला मंदिर जम्मू में है । इसके बाद बुधवार, 5 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा का उत्सव भी धूमधाम से मनाया जाएगा। सभी उत्सवों की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
