12 नवंबर से कोलकाता होते हुए सिएम रीप तक हवाई सफर, 7 घंटे में होगी यात्रा पूरी
इंदौर। देवी अहिल्या बाई होलकर एयरपोर्ट से अब कंबोडिया जाना आसान और सुविधाजनक हो जाएगा। इंडिगो एयरलाइंस 12 नवंबर से कोलकाता से कंबोडिया के सिएम रीप के लिए नई सीधी उड़ान शुरू करने जा रही है।
एयरलाइन ने इस रूट को इंदौर से भी कनेक्ट किया है, जिससे अब यात्री इंदौर से कोलकाता होते हुए आसानी से कंबोडिया पहुंच सकेंगे। इंडिगो ने इस नई उड़ान की घोषणा करते हुए बुकिंग भी शुरू कर दी है। हफ्ते में तीन दिन चलेगी फ्लाइटट्रेवल एजेंट्स फेडरेशन आॅफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया ने बताया कि कोलकाता से कंबोडिया के बीच यह फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन सोमवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित की जाएगी। इस वजह से इंदौर से कंबोडिया की यात्रा अब न सिर्फ आसान बल्कि किफायती भी हो जाएगी।
उड़ान का शेड्यूल इस तरह तैयार किया गया है कि इंदौर से जाने वाले यात्री कम से कम समय में कंबोडिया पहुंच सकेंगे। यात्री इंदौर से रात 9.45 बजे कोलकाता के लिए रवाना होंगे और 11.55 बजे पहुंचेंगे। वहां से 1.50 बजे रात को कंबोडिया की फ्लाइट मिलेगी, जो सुबह 6.20 बजे (स्थानीय समयानुसार) सिएम रीप पहुंचेगी। यानी इंदौर से कंबोडिया का सफर लगभग 7 घंटे में पूरा होगा। यह अब तक का सबसे कम समय है।
एयरलाइन यात्रियों को इंदौर से ही चेक-इन और लगेज से जुड़ी सभी प्रक्रिया पूरी करने की सुविधा भी देगी।वापसी के समय यात्री सुबह कंबोडिया से उड़ान लेकर कोलकाता पहुंचेंगे और शाम को इंदौर लौट सकेंगे। इस बीच वे दिन का समय कोलकाता घूमने में भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
यह रहेगा फ्लाइट शेड्यूल
इंदौर से कोलकाता: रात 9.45 बजे प्रस्थान, रात 11.55 बजे आगमन
कोलकाता से सिएम रीप (कंबोडिया): रात 1.50 बजे प्रस्थान, सुबह 6.20 बजे (स्थानीय समय) आगमन
सिएम रीप से कोलकाता: सुबह 7.20 बजे (स्थानीय समय) प्रस्थान, सुबह 8.55 बजे आगमन
कोलकाता से इंदौर: शाम 7.00 बजे प्रस्थान, रात 9.55 बजे आगमन
कंबोडिया को लेकर पर्यटकों में बढ़ रहा क्रेज
ट्रेवल एजेंट्स के अनुसार, पिछले कुछ सालों में कंबोडिया के प्रति भारतीय पर्यटकों का रुझान लगातार बढ़ा है। थाईलैंड और वियतनाम के पास स्थित यह देश न्यू थाईलैंड के नाम से भी जाना जा रहा है। यहां प्राचीन विरासत, नाइटलाइफ, शॉपिंग और विश्वस्तरीय रिसॉर्ट्स का अनोखा संगम देखने को मिलता है। नई उड़ान से न केवल पर्यटकों को लाभ होगा, बल्कि व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी नई दिशा मिलेगी। यह कदम इंदौर को अंतरराष्ट्रीय यात्रा और पर्यटन के नक्शे पर और मजबूती से स्थापित करेगा।
कंबोडिया में भारत से जुड़ी गहरी सांस्कृतिक जड़ें
कंबोडिया अपने ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के लिए प्रसिद्ध है। यहां स्थित विश्वप्रसिद्ध अंगकोर वाट मंदिर भगवान विष्णु को समर्पित है और भारतीय वास्तुकला का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करता है। इसकी दीवारों पर रामायण और महाभारत की कथाएँ उकेरी गई हैं, जो भारत और कंबोडिया के हजारों साल पुराने सांस्कृतिक रिश्तों की सजीव गवाही देती हैं।
