24 घंटों में दिन के तापमान में 6 डिग्री का उछाल; रात का तापमान भी 2 डिग्री बढ़ा
इंदौर। पिछले तीन दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है, लेकिन इसके बावजूद पिछले 24 घंटों में दिन का तापमान बढ़ गया है। सोमवार को मौसम का मिजाज बदला। दिन में कभी तेज धूप तो कभी बादल छाए रहे। इस उतार-चढ़ाव के बीच तापमान में 6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई और दिन का पारा 29.8 डिग्री सेल्सियस (औसत से 2 डिग्री कम) दर्ज किया गया। रात का तापमान भी 2 डिग्री बढ़कर 22 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा।
इससे दिन और रात, दोनों समय हल्की गर्मी महसूस की जा रही है। सोमवार रात को भी कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। मंगलवार सुबह से धूप और छांव का सिलसिला जारी है।
अक्टूबर में अब तक 5 इंच बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, इस बार अक्टूबर में अब तक करीब 5 इंच बारिश हो चुकी है, जबकि सामान्य तौर पर इस महीने इतनी बारिश नहीं होती। महीने के बचे तीन दिनों में भी इंदौर संभाग में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है। हालांकि मध्य प्रदेश से मानसून की आधिकारिक विदाई हो चुकी है, लेकिन दो मौसम प्रणालियों के सक्रिय होने से इसका असर अभी भी दिख रहा है।
नवंबर के दूसरे सप्ताह से बढ़ेगी ठंड
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस समय एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) देश के उत्तरी भाग में सक्रिय है। इसके प्रभाव से वहां बारिश हो सकती है और सिस्टम के हटने के बाद बर्फबारी की संभावना है। इसके चलते 6 नवंबर के बाद मध्य प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने की संभावना है। फिलहाल अरब सागर में बना डिप्रेशन सिस्टम और उससे जुड़ा ट्रफ लाइन मध्य प्रदेश के बीचोंबीच सक्रिय है। इसके अलावा, दूसरा साइक्लोनिक सकुर्लेशन सिस्टम भी अरब सागर में बना है, जो एमपी की ओर बढ़ रहा है। इन दोनों सिस्टम के कारण प्रदेश में अगले चार दिन तक मौसम बदला रह सकता है।