नंदबाग के टीगरिया बादशाह में हुआ समापन
इंदौर। लोक आस्था का पर्व छठ मंगलवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ पूरा हुआ। चार दिन तक चले इस पर्व में इंदौर में रहने वाले बिहार और पूर्वांचल के हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य की पूजा की।
सुबह चार बजे से ही शहर के घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचने लगे। दीपों की रोशनी और छठ मैया के गीतों से माहौल भक्ति से भर गया। कई जगह श्रद्धालुओं ने फुलझड़ियों और दीपों से घाटों को सजाया, जिससे पूरा वातावरण बहुत सुंदर दिखाई दिया।
छठ पूजा महोत्सव नंद बाग के क्षेत्र टीगरिया बादशाह तालाब पर बिहार विकास समिति पूर्वोत्तर परिवार द्वारा आयोजित छठ महोत्सव में उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ पूजा का समापन हुआ। आयोजन समिति के रितेश बंटी ठाकुर और अरविंद कुमार मौर्य ने बताया कि यह महोत्सव विगत कई वर्षों से मनाया जाता आ रहा है । आयोजन नंदबाग क्षेत्र के टीगरिया बादशाह तालाब पर हुआ। इस अवसर पर प्रमुख रूप से पूर्व विधायक आई डी सी ए अध्यक्ष आकाश विजयवर्गीय,पूर्व विधायक संजय शुक्ला ,महापौर पुष्यमित्र भार्गव , नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा , लक्की अवस्थी ,अशोक चौहान चांदू नेता, गोविंद पंवार ,प्रेम विजयवर्गीय,मुन्ना साहू ,चन्दन बेस जी सहित प्रमुख जन मौजूद थे ।
जब सूर्योदय का समय आया, तो व्रत रखने वाली महिलाएं और पुरुष जल में खड़े होकर हाथ जोड़ भगवान सूर्य से अपने परिवार की खुशहाली और सुख-शांति की प्रार्थना करने लगे। सूरज निकलते ही विजय नगर, तुलसी नगर, समर पार्क निपानिया, वेद मंदिर, सुखलिया, श्याम नगर, ड्रीम सिटी, कालानी नगर, पिपलियाहाना तालाब, अन्नपूर्णा रोड तालाब और सूर्य मंदिर (कैट रोड) जैसे घाटों पर श्रद्धालुओं ने ह्लॐ सूर्याय नम:ह्व मंत्र बोलकर अर्घ्य दिया।
पूर्वोत्तर सांस्कृतिक संस्थान के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर जगदीश सिंह ने बताया कि अर्घ्य के बाद श्रद्धालुओं ने ठेकुआ, केला, सेब और अन्य फलों का प्रसाद बांटा। इसके बाद व्रती महिलाओं ने पीपल के पेड़ की पूजा की और 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण कर व्रत पूरा किया।
तुलसी नगर में बनेगा स्थायी छठ घाट
तुलसी नगर रहवासी संघ और पूर्वोत्तर समाज की ओर से मंदिर परिसर में मंगलवार सुबह श्रद्धालुओं ने सूर्य को अर्घ्य दिया। बड़ी संख्या में महिलाएं व्रत रखकर पहुंचीं और परिवार व देश की तरक्की के लिए छठ मैया से प्रार्थना की। संघ ने बताया कि अगले साल की पूजा से पहले मंदिर परिसर में 20़5 फीट का स्थायी छठ घाट बनाया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को अधिक सुविधा और सुरक्षा मिल सके। कार्यक्रम में राजेश तोमर, भगवान झा, आर.के. पटेल, सुलभ जैन, प्रमोद वाजपेई और श्रीमती शारदा सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।
