
इंदौर। शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर के निर्देशानुसार क्राइम ब्रांच लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में क्राइम ब्रांच टीम ने बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए दो आरोपियों को 22 ग्राम अवैध मादक पदार्थ “MD” (अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग ₹2,20,000) के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति लक्ष्मीबाई स्टेशन के पास निर्माणाधीन ओवरब्रिज के समीप एमआर-04 रोड क्षेत्र में मादक पदार्थ लेकर घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर घेराबंदी की, जहां दो संदिग्ध व्यक्ति मेहरून रंग की हीरो होंडा मोटरसाइकिल पर बैठे दिखे। पुलिस वाहन को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन टीम ने तुरंत घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में दोनों ने अपना नाम शईम पिता सलीम खान निवासी बेटमा, इंदौर और मो. शारिक पिता मो. शकील निवासी बेटमा, इंदौर बताया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के टूलबॉक्स से 22 ग्राम अवैध मादक पदार्थ “MD” ड्रग्स बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से एक मेहरून रंग की हीरो होंडा मोटरसाइकिल सहित कुल ₹2,50,000 मूल्य का मशरूका जब्त किया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे सस्ते दामों पर मादक पदार्थ खरीदकर इंदौर शहर में नशे के आदी लोगों को महंगे दामों पर बेचते थे और इस अवैध कारोबार से आर्थिक लाभ कमाते थे। बताया गया कि शईम वेल्डिंग का काम करता है और उसने 7वीं तक पढ़ाई की है, जबकि शारिक गैरेज में काम करता है और तीसरी कक्षा तक ही शिक्षित है।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना अपराध शाखा में अपराध क्रमांक 192/2025, धारा 8/22 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इंदौर पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध इस प्रकार की सतत कार्रवाई शहर में नशे के नेटवर्क पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
