
इंदौर- शहर में सुगम, सुरक्षित व सुखद यातायात व्यवस्था हेतु पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के दिशा निर्देशन में प्रभावी कार्यवाही के साथ ही बेहतर यातायात व्यवस्था में आम जनमानस की सहभागिता भी बढ़े तथा सभी में यातायात नियमों के पालन के प्रति जनजागृति आए इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए, इंदौर पुलिस द्वारा “ट्रैफिक प्रहरी” अभियान प्रारंभ किया गया है। शहर के जिम्मेदार व जागरूक नागरिक जुड़ भी रहे है, जिन्हें प्रोत्साहित करने पुलिस कमिश्नर इंदौर संतोष कुमार सिंह ने बेहतर यातायात व्यवस्था में सराहनीय कार्य करने वाले 04 ट्रैफिक प्रहरियों- ललित फरकसे (चाणक्यपुरी चौराहा), अख्तर खान (रेडिसन/देवास नाका चौराहा), सतीश शर्मा (पलासिया चौराहा), राधा कृष्ण जाखेटिया (यशवंत रोड गुरुद्वारा चौराहा को “उत्कृष्ट ट्रैफिक प्रहरी” के रूप में चयन कर शील्ड व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।साथ ही इस अभियान से जुड़ने वाले नए 28 ट्रैफिक प्रहरियों को कैप पहनाकर प्रोत्साहित किया गया और उन्हें जैकेट, सिटी, लाइट बेटन और बेच प्रदान कर, उनके द्वारा समाजहित में जो अभिन्न सेवा देंगे, उसके लिए उनकी सराहना भी की। इस दौरान एडिशनल सीपी (अपराध/मुख्यालय) श्री आरके सिंह, डीसीपी (प्रभारी यातायात) श्री आनंद कलादगी व अन्य अधिकारीगण एवं जागरूक ट्रैफिक प्रहरी भी उपस्थित रहे।इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने उक्त अभियान के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान से अभी तक 1315 जिम्मेदार नागरिक जुड़ चुके है और अपनी सुविधानुसार विभिन्न चौराहों पर यातायात प्रबंधन में सहयोग भी कर रहे है।उन्होंने आमजन को इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि, हमारी इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को यातायात प्रबंधन एवं नियम पालन की प्रक्रिया में सहभागी बनाना है, ताकि शहर में सुचारू एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था को और बेहतर किया जा सके।
