बिना परमिट संचालित पाए जाने पर एक बस जप्त

इंदौर,
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देश पर इंदौर जिले में स्कूली बसों की लगातार सघन जाँच की जा रही है तथा नियमों का पालन नहीं करने वालों के विरूद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में परिवहन विभाग द्वारा बुधवार को उज्जैन रोड स्थित विभिन्न स्कूलों की बसों की चेकिंग की गई। इस दौरान तीन विद्यालय — मॉडर्न स्कूल, माउंट कार्मेल स्कूल एवं दिल्ली पब्लिक एलीमेंट्री स्कूल के बसों की जांच की गई।
जांच के दौरान सुरक्षा मानकों, परमिट, फिटनेस, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, अग्निशमन यंत्र आदि की स्थिति का निरीक्षण किया गया। कुल 11 बसों में विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर 55 हजार रूपये का जुर्माना वसूला गया। एक बस बिना परमिट संचालित पाए जाने पर उसे जप्त किया गया। चेकिंग के दौरान निरीक्षण दल ने बसों में यात्रा कर रहे विद्यार्थियों से भी ड्राइवरों एवं परिचालकों के व्यवहार तथा बस संचालन संबंधी फीडबैक प्राप्त किया।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री प्रदीप शर्मा द्वारा बताया गया कि छात्र सुरक्षा सर्वोपरि है तथा विद्यालय बसों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी क्रम में आगामी दिनों में भी ऐसी आकस्मिक जांच जारी रहेगी।
