
इंदौर,। मध्य भारत अग्रवाल सभा के महामंत्री रमेश गुप्ता पीठेवाले की धर्मपत्नी स्व. श्रीमती कृष्णादेवी गुप्ता की चतुर्थ पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में शुक्रवार, 14 नवंबर को दोपहर 3 बजे नवलखा स्थित मनकामेश्वर काँटाफोड़ शिव मंदिर के सामने स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की करीब 250 बालिकाओं को कृष्णा देवी गुप्ता पारमार्थिक ट्रस्ट की ओर से उनकी जरूरतों की सामग्री एवं उपहार भेंट किए जाएँगे। ट्रस्ट के प्रमुख रमेश गुप्ता एवं दीपक गुप्ता “मोंटी” ने बताया कि इस अवसर पर क्षेत्र के पार्षद मृदुल अग्रवाल, समाजसेवी अरविन्द बागड़ी, शैलेष गर्ग सहित अनेक गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहेंगे। श्रीमती कृष्णा देवी गुप्ता की स्मृति में पिछले 3 वर्षों से लगातार समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा के अभियान चलाए जा रहे हैं। कार्यक्रम में श्रीमती कृष्णा देवी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर उन्हें श्रद्धा सुमन समर्पित किए जाएँगे।
