जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिद्धार्थ जैन पहुंचे शासकीय शारदा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय

इंदौर,
जिला पंचायत इंदौर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिद्धार्थ जैन आज शासकीय शारदा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़ा गणपति, इंदौर पहुंचे। विद्यालय पहुँचकर उन्होंने कक्षा 12वीं की छात्राओं को अर्थशास्त्र का विशेष पाठ पढ़ाया तथा बच्चों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध शिक्षण व अन्य सुविधाओं की जानकारी भी ली।
अपने एक घंटे के इस अध्यापन सत्र में श्री जैन ने वाणिज्य संकाय की छात्राओं को मांग व पूर्ति का नियम, कर प्रणाली (प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष कर), जीएसटी, बचत, निवेश आदि विषयों को सरल एवं प्रभावी ढंग से समझाया। उन्होंने परीक्षा में बेहतर अंक प्राप्त करने के लिए कई व्यावहारिक सुझाव भी दिए।श्री जैन ने यह भी बताया कि किस प्रकार देश में उत्पादन बढ़ाकर, लागत कम कर, आयात को न्यूनतम रखते हुए और निर्यात में वृद्धि कर विदेशी मुद्रा भंडार को बढ़ाया जा सकता है। उनके स्पष्ट और सुगम अध्यापन से छात्राएं अत्यंत उत्साहित हुईं। छात्राओं ने कहा कि आज का पाठ बेहद सरलता से समझ में आया, जो बोर्ड परीक्षा की तैयारी में उपयोगी सिद्ध होगा।
कक्षा में उपस्थित छात्राओं ने खुशी व्यक्त करते हुए श्री जैन से भविष्य में फिर से विद्यालय आने का अनुरोध भी किया।
