
इंदौर
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की उपस्थिति में आज इंदौर में प्रति मंगलवार की तरह इस मंगलवार भी जनसुनवाई प्रभावी और सकारात्मक रूप से संपन्न हुई। इंदौर की जनसुनवाई आमजन की उम्मीदों पर खरी उतर रही है और जरूरतमंदों का सशक्त सहारा बन रही है। किसी को इलाज, किसी को शिक्षा और किसी को रोजगार जैसी सहायता हाथों-हाथ उपलब्ध कराई जा रही है। त्वरित समस्या के निराकरण से आमजन संतुष्ट और प्रसन्न दिखाई दे रहे हैं।
आज की जनसुनवाई में एक ऐसा उदाहरण सामने आया, जब दिव्यांग दिनेश महाकाल ने अपनी समस्या कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के समक्ष रखी और हाथो-हाथ निराकरण होने से उसने आभार भी जताया। दिनेश ने कलेक्टर श्री वर्मा को बताया कि वह दोनों पैरों से दिव्यांग हैं, बेरोजगार हैं तथा आने–जाने के लिए उपयोग में लाई जा रही ट्राइसाइकिल अत्यंत पुरानी हो चुकी है। बैसाखियाँ भी टूट चुकी हैं और पेंशन भी नहीं मिल रही है। कलेक्टर श्री वर्मा ने तत्काल सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारी को बुलाकर निर्देशित किया कि दिनेश की सभी समस्याओं का आज ही समाधान किया जाए। अपनी समस्याओं का त्वरित निराकरण होने पर दिनेश ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। दिनेश ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर आयोजित यह जनसुनवाई हम जैसे जरूरतमंदों के लिए अत्यंत मददगार है।
इसी प्रकार एक महिला अपने दो दिव्यांग बच्चों को लेकर जनसुनवाई में पहुंची। उसने बताया कि दोनों बच्चे चलने–फिरने में असमर्थ हैं और उनके इलाज में लगातार खर्च आता है। कलेक्टर श्री वर्मा ने संवेदनशीलता दिखाते हुए हाथों-हाथ रेडक्रॉस से 20 हजार रूपये की तात्कालिक सहायता स्वीकृत कर दी। उक्त बच्चों की मां पिंकी नाथ ने कलेक्टर के प्रति आभार जताया।
जनसुनवाई में सैटेलाइट वेली के प्लॉट धारकों की समस्याएं भी गंभीरता से सुनी गईं। कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि सैटेलाइट वेली के विकास कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा और संबंधित अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश भी दिए।
ग्राम हसनाबाद की सनोवर बी ने बताया कि उसके पिता का मृत्यु प्रमाणपत्र ग्राम पंचायत द्वारा नहीं बनाया जा रहा है। कलेक्टर श्री वर्मा ने जिला पंचायत अधिकारियों को निर्देशित किया कि आज ही प्रमाणपत्र बनाकर महिला को उपलब्ध कराया जाए।
ग्राम धन्नड़ निवासी जगदीश सिसोदिया ने बताया कि उसके खेत का रास्ता बंद कर दिया गया है, जबकि अतिरिक्त तहसीलदार द्वारा गत अक्टूबर में आदेश जारी हो चुके हैं। त्वरित संज्ञान लेते हुए कलेक्टर श्री वर्मा ने अतिरिक्त तहसीलदार को फोन पर ही निर्देशित किया कि आवेदक का रास्ता तत्काल खुलवाया जाए।
जनसुनवाई में आज मयूर नगर मुसाखड़ी में रहने वाले एक आवेदक ने बताया कि वह अपनी पत्नि रोशनी ठाकुर के साथ ढाई माह के बच्चे को लेकर सपना संगीता रोड़ स्थित एक अस्पताल में टीकाकरण के लिये पहुंचे। यहां डॉक्टर ने एक्सपायरी डेट की वैक्सीन लगा दी। जब मैने उसे बताया तो डॉक्टर ने अभद्रता की। कलेक्टर श्री वर्मा ने सीएमएचओ को जांच के निर्देश दिये।
इसी तरह जनसुनवाई में एक शर्मा दंपत्ति अपनी बेटी को लेकर पहुंचे। कलेक्टर श्री वर्मा ने इनकी समस्या को गंभीरता से सुना। दंपत्ति ने बताया कि इनकी बेटी को गंभी बीमारी है और लगभग 9 करोड़ रूपये का खर्च इलाज पर होगा। कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि शासन-प्रशासन से मददत तो की जायेगी। साथ ही अन्य दानदाताओं से सहयोग लिया जायेगा। इसके लिये उन्होंने दानदाताओं से सहयोग की अपील की है। उन्होंने बताया कि इसका विवरण सेवा सेतु एप पर देखा जा सकता है।
आज की जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री नवजीवन विजय पवार, श्री रोशन राय, श्री रिंकेश वैश्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई में लगभग 300 से अधिक आवेदकों की समस्याएं सुनी गईं। अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया तथा शेष के लिए समयसीमा निर्धारित की गई।
कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि प्राप्त आवेदनों के निराकरण की प्रगति की प्रति सप्ताह समीक्षा की जाएगी।
