कृषि विभाग के सचिव श्री वरवड़े ने कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठक की

इंदौर,
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की आगामी 26 नवम्बर को इंदौर जिले के गौतमपुरा में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर कृषि विभाग के सचिव श्री निशांत वरवड़े ने वर्चुअली बैठक की। बैठक में इंदौर से संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, मण्डी बोर्ड के आयुक्त सह प्रबंध संचालक श्री कुमार पुरूषोत्तम एवं मण्डी बोर्ड इंदौर की उप संचालक श्रीमती प्रवीणा चौधरी शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोयाबीन भावान्तर भुगतान योजना के तहत किसानों के खातों में राशि अंतरित करेंगे।
बैठक में श्री वरवड़े ने कहा कि 26 नवम्बर को गौतमपुरा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और कृषि मंत्री श्री एदल सिंह कंषाना शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक किसान शामिल होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश के एक लाख 52 हजार किसानों के खाते में 253 करोड़ रूपये की राशि अंतरित करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर कृषि से संबंधित उपकरणों की प्रदर्शित लगायी जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव किसानों से संवाद भी करेंगे।
श्री वरवड़े ने कहा कि कार्यक्रम के लिये सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाये। कार्यक्रम में आने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह भी सुनिश्चित किया जाये।
