इंदौर
एरोड्रम थाना इलाके के छोटा बांगड़दा में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अनाज से भरे तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक को गंभीर घायल हालात में अस्पताल भेजा गया था जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक मृतक का नाम वीरेन्द्र पिता किशोरीलाल गोरे (३२) निवासी हम्माल कालोनी है। शुरूआती जाँच में सामने आया है कि ट्रक नंबर एमपी-०९ एचजी ४४४० लक्ष्मीबाई अनाज मंडी से सुपर कॉरिडोर की ओर जा रहा था। इसी दौरान, सामने से आ रहे बाइक सवार वीरेन्द्र गोरे का संतुलन बिगड़ गया और बाइक फिसलने से वह सीधे ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पता रहा।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और घायल को एंबुलेंस से तत्काल अस्पताल रवाना किया। अस्पताल में उपचार के दौरान घायल वीरेंद्र ने दम तोड़ दिया। हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
