
इंदौर । बंगाली चौराहा, मयूर हॉस्पिटल के पास स्थित मैदान पर रविवार को सुबह मालवांचल के जाने-माने संतों महंतों के सानिध्य में महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक महेंद्र हार्डिया, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा एवं क्षेत्र के पार्षद प्रणव मंडल के आतिथ्य में 8 से 14 जनवरी तक होने वाले विराट लक्ष्मीनारायण महायज्ञ के निमित्त हनुमत ध्वजा की स्थापना के साथ ही वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन की विधि भी संपन्न हुई। इस दौरान यज्ञनारायण के जयघोष से समूचा मैदान गूंजायमान बना रहा।यज्ञ की आयोजन समिति के प्रमुख देववृत पाटीदार एवं अनिल पाटीदार ने बताया कि हनुमान ध्वजा स्थापना में पंचमुखी धाम आगरोद के महंत कृष्णगोपाल दास महाराज, बालाजी धाम रुणीजा (बडनगर) के महंत भरतदास, देवराहा बाबा पीठ, बद्रीनाथ सनकादिक घाट के संत रामदास, कालेश्वर धाम सुदामा नगर के संत कृष्णतकान्त उपरेती भैयाजी के सानिध्य में बंगाली चौराहा स्थित तैयार यज्ञ स्थल परन विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जैसे ही हनुमत ध्वजा का आरोहण किया गया, समूचा परिसर यज्ञ देवता एवं हनुमान जी के जयघोष से गूँज उठा। इस अवसर पर अतिथियों ने भूमि पूजन की विधि भी संपन्न की और लक्ष्मीनारायण महायज्ञ की सफलता के लिए सभी देवी-देवताओं का आह्वान भी किया। इस मंगल प्रसंग पर मालवांचल के अनेक धर्मप्रेमी, श्रद्धालु एवं वेद पाठी विद्वान भी साक्षी बने। यज्ञ स्थल पर महायज्ञ के लिए तैयारियां प्रारंभ कर दी गई है।
