
इंदौर, । इंदौर फिलेटेलिक एवं इंदौर न्यू मिस्मेटिक सोसायटी की संयुक्त मासिक सभा में इस बार भोपाल में संपन्न हुई राज्य स्तरीय 14वीं डाक टिकिट प्रदर्शनी मेपपेक्स-2025 के सभी प्रतिभागियों और विजेताओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर इंजीनियर चिराग त्रिवेदी द्वारा तैयार ई-मैगजीन इंडफिल के दिसम्बर अंक का लोकार्पण भी किया गया।
रीगल चौराहा स्थित इंडियन कॉफ़ी हाउस में संपन्न हुई इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भोपाल की शिक्षाविद श्रीमती ज्योति भाटिया उपस्थित रहीं, जिनका सभी सदस्यों ने सम्मान और स्वागत किया। सदस्यों ने भोपाल में संपन्न हुई 14 वीं प्रदर्शनी के अनुभवों को साझा भी किया और आगामी कार्यक्रमों के लिए मार्गदर्शन भी प्राप्त किया। सोसायटी के मुख्य संरक्षक गिरीश शर्मा आदित्य ने आधुनिक पहलुओं पर रोचक जानकारियां भी दी। सभा में उनके 50 वर्ष से अधिक आयुवर्ग में न्यू मिस्मेटिस्ट ऑफ़ द ईयर का मुंबई की संस्था द्वारा दिए गए अवार्ड एवं 1 लाख रुपए की राशि को इंदौर में बनने वाले संग्रहालय को दान देने के संकल्प हेतु सम्मान भी किया गया।
बैठक में अध्यक्ष रविन्द्रनारायण पहलवान ने सदस्यों को रोटेरियन निशा पहलवान स्मृति के तहत क्वीन विक्टोरिया के 6 पोस्ट कार्ड भी उपहार स्वरुप भेंट किए। साथ ही इंदौर फैक्स 1978 में इंदौर फिलेटेलिक सोसायटी द्वारा जारी किए गए 3 विशेष आवरण (स्पेशल कवर) भी सदस्यों को उपहार स्वरुप प्रदान किए गए। वहीँ डॉ. मुकेश पाटीदार ने 3 पिक्चर पोस्टकार्ड और एक स्पेशल कवर का उपहार भेंट किया। प्रारंभ में सुरेन्द्र मूल्ये ने स्वागत संबोधन दिया। रवीन्द्र व्यास ने सबके स्वास्थ्य की मंगल कामना की। सभा शुभारंभ की उद्घोषणा अलोक खादीवाला ने की। संचालन किया कार्यकारी अध्यक्ष राजेश शाह ने और आभार माना देवकीनन्दन पी त्रिवेदी ने।
