हीरा नगर थाना क्षेत्र के गौरी नगर में पिछले दिनों हुई एक नवविवाहिता की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ है कि महिला को कम दहेज लाने की बात पर उसके ससुराल वाले लगातार प्रताड़ित कर रहे थे, जिससे तंग आकर उसने आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने अब पति और सास के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हीरा नगर पुलिस के मुताबिक, गौरी नगर निवासी पायल पति हेमप्रकाश जादम (२१)ने गत २१ दिसंबर को अपने घर में जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। चूंकि मामला नवविवाहिता की मौत से जुड़ा था, इसलिए पुलिस ने मर्ग कायम कर गंभीरता से जांच शुरू की। महिला की मौत के कारणों की विस्तृत जांच एसीपी रुबिना मिजवानी द्वारा की गई। जांच के दौरान मायके पक्ष के बयान और अन्य साक्ष्यों से यह स्पष्ट हुआ कि शादी के बाद से ही पायल को उसके ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोपी पति हेमप्रकाश और उसकी सास उसे लगातार कम दहेज लाने और अपनी पसंद का सामान न मिलने को लेकर ताने मारते थे। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों द्वारा मानसिक और शारीरिक रूप से उसे इतना प्रताड़ित किया गया कि पायल गहरे तनाव में रहने लगी थी। इसी मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर उसने जहर खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। जांच रिपोर्ट के आधार पर हीरा नगर पुलिस ने आरोपी पति हेमप्रकाशजादम और सास के विरुद्ध दहेज हत्या और प्रताड़ना से जुड़ी गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
