इंदौर।
शहर में साइबर ठगों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। इस बार ठगों ने एमजीएम मेडिकल कॉलेज के एक छात्र को अपना निशाना बनाया और ऑनलाइन टास्क पूरा करने व बोनस देने के नाम पर करीब १५ लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर डेस्क की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। संयोगितागंज पुलिस के मुताबिक, फरियादी कृष्णकुमार पिता कैलाश कुमावत (२३), मूलतः मंदसौर के रहने वाले हैं और वर्तमान में एमजीएम बॉयज हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं, फरियादी ने ‘शिप्पो’ नामक कंपनी की एक लिंक पर अपनी आईडी बनाई थी। शुरुआत में उन्हें प्रतिदिन ५६ टास्क दिए जाते थे। ९ दिसंबर को टास्क पूरा करने पर छात्र के खाते में १०४२ रुपये का बोनस क्रेडिट हुआ। इस छोटे से फायदे ने छात्र का भरोसा जीत लिया।अगले दिन ठगों ने ९४९९ रुपये डिपॉजिट करने पर भारी बोनस का ऑफर दिया। ज्यादा मुनाफे के लालच में छात्र पैसे जमा करता गया। धीरे-धीरे उसने कुल १५ लाख रुपये कंपनी की लिंक पर डाल दिए, लेकिन बदले में उसे केवल ५१ हजार रुपये ही वापस मिले। जब और पैसों की मांग की गई, तब छात्र को ठगी का अहसास हुआ।
