भोपाल। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की सात फरवरी से शुरू हो रही 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं को लेकर मंडल ने तैयारी कर ली है। पेपर लीक जैसी घटनाएं न हों, इसके लिए मोबाइल एप से ऑनलाइन निगरानी की जाएगी। वहीं परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल प्रतिबंध रहेगा। केंद्राध्यक्ष, सहायक केंद्राध्यक्ष, पर्यवेक्षक सहित कोई स्टाफ भी केंद्र में मोबाइल नहीं ले जा सकेगा। प्रदेश के 700 संवेदनशील और अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर जैमर और 226 केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिनकी निगरानी मंडल कंट्रोल रूम से ऑनलाइन करेगा।
परीक्षा केंद्र पर लैंडलाइन फोन के उपयोग के साथ पोर्टल के माध्यम से परीक्षा केंद्रों से सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जाएगा परीक्षा में तैनात सभी अधिकारी मोबाइल पर मंडल का एप डाउनलोड करेंगे। एप पर पुलिस थाने से प्रश्न-पत्र निकलने, केंद्रों पर बंडल खोलने से लेकर वितरण करने, परीक्षा खत्म होने के बाद बंडल बनने और मूल्यांकन केंद्र पर जमा करने तक की एंट्री की जाएगी । साथ ही हर प्रश्नपत्र के बंडल लोकेशन भी ट्रेस होगी। वहीं उड़नदस्तों की मानीटरिंग भी एप के माध्यम से की जाएगी। इस बार प्रश्नपत्र बंडलों को थाने से निकालने में कलेक्टर प्रतिनिधि को तैनात किया जाएगा, जो सुबह 6:30 बजे पुलिस थाना पहुंचकर सेल्फी भेजेंगे। इनकी मानीटरिंग भी एप से की जाएगी। पुलिस थाने से लेकर केंद्र तक प्रश्नपत्र पहुंचाने और वितरण तक एप भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
बलवंत वर्मा, परीक्षा नियंत्रक, माशिमं ने बताया की 3856 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 16 लाख परीक्षार्थी परीक्षा देंगे जिसमे दसवीं के 9 .07 लाख तथा 12 वी के सात लाख विद्यार्थी शामिल होंगे । आपने बताया की परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। इस बार मोबाइल एप के माध्यम ऑनलाइन निगरानी की जाएगी। परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल पूरी तरह प्रतिबंधित होगा।
