इंदौर। लसूड़िया थाना क्षेत्र में बायपास हाईवे पर चलती गाड़ी से कीमती माल चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय हो गया है। अज्ञात बदमाशों ने एक आयशर गाड़ी की सील तोड़कर पीछे का गेट खोला और उसमें रखे बादाम के २४ बॉक्स उड़ा लिए। घटना के समय बाइक सवार बदमाश गाड़ी के पीछे चल रहे थे, जो वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। पुलिस ने अहमदाबाद के ट्रक चालक की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लसूड़िया पुलिस के मुताबिक, फरियादी विनोद कुमार भट्ट निवासी अहमदाबाद (गुजरात) अपनी आयशर गाड़ी लेकर इंदौर बायपास से गुजर रहे थे। १२ जनवरी की रात करीब सवा तीन बजे जब वे लालटेन ढाबे के सामने से निकल रहे थे, तब उन्होंने देखा कि एक अज्ञात व्यक्ति उनकी चलती गाड़ी के पीछे चढ़ा हुआ था, जबकि दो अन्य लोग बाइक पर सवार होकर उसकी मदद कर रहे थे। स्थिति संदिग्ध लगने पर चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ाई और सीधे मांगलिया टोल पर जाकर वाहन रोका। टोल पर जब चालक ने नीचे उतरकर गाड़ी
के पिछले हिस्से की जांच की, तो उसके होश उड़ गए। ट्रक के गेट पर लगी सुरक्षा सील टूटी हुई थी और गेट खुला हुआ था। गाड़ी में बादाम के कुल २५ बॉक्स लदे थे, जिनमें से २४ बॉक्स गायब थे और केवल एक बॉक्स बचा था। चालक ने तुरंत पुलिस को
सूचना दी। लसूड़िया पुलिस ने मामला दर्ज कर इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिए हैं ताकि बाइक सवार बदमाशों और उनके साथियों का सुराग लगाया जा सके।
