
इंदौर आयुक्त क्षितिज सिंघल द्वारा नगर निगम के झोन क्रमांक 14 एवं 02 के साथ ही भागीरथपुरा क्षेत्र का आज प्रातः निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त श्री नरेंद्र नाथ पांडे, संबंधित झोनल अधिकारी, क्षेत्रीय सीएसआई एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। आयुक्त श्री सिंघल द्वारा प्रातः 7:00 बजे भागीरथपुरा क्षेत्र में चल रहे जलप्रदाय एवं ड्रेनेज लाइन से संबंधित कार्यों का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त द्वारा संबंधित अधिकारियों को कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए गए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण किए जाएं। साथ ही क्षेत्र में नागरिकों को निर्बाध एवं नियमित जलप्रदाय सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश भी दिए गए। इसके पश्चात आयुक्त श्री सिंघल द्वारा झोनल कार्यालय क्रमांक 14, हवा बंगला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था के साथ ही विकास कार्यों का निरीक्षण किया गया। इसके बाद आयुक्त द्वारा झोन क्रमांक 02 के अंतर्गत जवाहर मार्ग स्थित लोहार पट्टी क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में कचरा समय पर नहीं उठाए जाने एवं सफाई व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर आयुक्त श्री सिंघल ने संबंधित दरोगा को फटकार लगाई। साथ ही क्षेत्रीय सीएसआई को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश देते हुए तत्काल प्रभाव से संपूर्ण क्षेत्र में सफाई कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
