भागवताचार्य पं. ब्रजकिशोर नागर

इंदौर धार रोड स्थित धरावरा धाम के संस्थापक साकेतवासी महंत घनश्याम दास महाराज की 17 वीं पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में रविवार 22 से 28 फरवरी तक होने वाले मानस सम्मेलन एवं भागवत ज्ञान यज्ञ का शुभारम्भ रविवार को दोपहर 12 बजे धरावरा गाँव से धरावरा धाम तक दिव्य कलश यात्रा के साथ महंत शुकदेव दास महाराज के सानिध्य में होगा। भागवत ज्ञान यज्ञ में शाजापुर के प्रख्यात भागवत मर्मज्ञ आचार्य पं. ब्रजकिशोर नागर व्यास पीठ पर विराजित होकर भागवत कथामृत की वर्षा करेंगे जिसमें आसपास के 25 गांवों के श्रद्धालु शामिल होंगे।
आयोजन समिति के प्रमुख डॉ. सुरेश चोपड़ा एवं ललित अग्रवाल ने बताया कि मानस सम्मेलन एवं भागवत ज्ञान यज्ञ के मुख्य यजमान नानूराम चौधरी सहित आयोजन से जुड़े विभिन्न समितियों के पदाधिकारी इस कलश यात्रा में शामिल होंगे। भागवताचार्य पं. नागर एवं भागवतजी का ग्रामीणों द्वारा जगह-जगह पूजन कर स्वागत किया जाएगा। कथा स्थल पर भक्तों के लिए शामियाना एवं व्यास पीठ का निर्माण पूरा हो चुका है। भक्तों की सुविधा के लिए कथा स्थल पर समुचित प्रबंध किए गए हैं। कथा प्रतिदिन दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक होगी। आयोजन समिति के अशोक कुमावत, नारायण अग्रवाल 420 पापड़वाले, गोविन्द मंगल एवं श्रीकांत शर्मा के मार्गदर्शन में कलश यात्रा एवं अनुष्ठान की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
