9 घंटे चला सीएमआरएस का निरीक्षण, ट्रॉली से परखी एक-एक बारीकी
इंदौर। इंदौर में आज सीएमआरएस व उनकी टीम मेट्रो में बैठकर स्टेशन पहुंचेंगे और मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण करेंगे। टीम सुपर कॉरिडोर स्टेशन 2 से कुम्हेड़ी आईएसबीटी मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण करेगी। इस दौरान सीएमआरएस अपनी टीम के साथ मेट्रो स्टेशन बिल्डिंग में जाकर यात्री सुविधाएं जैसे लिफ्ट, एस्केलेटर, टिकटिंग सिस्टम, फायर ब्रिगेड, इमरजेंसी ब्रेक सिस्टम, प्लेटफार्म पर लगे सेफ्टी डोर का निरीक्षण भी करेंगे। रविवार को 9 घंटे तक चला CMRS का निरीक्षण चला था।
सीएमआरएस टीम का निरीक्षण 18 मार्च तक चलेगा। सोमवार व मंगलवार को 11.5 किलोमीटर हिस्से पर बने 11 मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण होगा। 18 मार्च को ट्रैक पर मेट्रो को 80 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चलाकर स्पीड ब्रेक टेस्ट भी किया जाएगा। रविवार को मेट्रो के ट्रैक निरीक्षण के दौरान सीएमआरएस के साथ आई टीम ने ट्रैक रीडिंग, ट्रैक के टर्न आउट को जांचा। इसके अलावा ट्रैक पर लगे इलेक्ट्रिकल उपकरणों की जांच की।
ट्रैक व वायडक्ट निर्माण में लगे सीमेंट-कंक्रीट की अपने साथ लाए उपकरणों के माध्यम से अल्ट्रासाउंड टेस्ट भी किया। इंदौर मेट्रो के अंतिम निरीक्षण के लिए सीएमआरएस की 70 से ज्यादा सदस्यों वाली टीम शहर पहुंची है। टीम ने गांधी नगर के आगे से करीब पंद्रह ट्रालियों में बैठकर मेट्रो ट्रैक और स्टेशनों का निरीक्षण शुरू किया। इस दौरान अधिकारियों ने पूरे रूट का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान टीम लवकुश चौराहा ब्रिज के आगे करीब एक घंटे तक रुकी रही। यहां ट्रैक के उस हिस्से की खास जांच की गई, जहां मोड़ यानी कर्व मौजूद हैं। ऐसे स्थानों पर ट्रैक की मजबूती और सुरक्षा मानकों को बहुत ध्यान से परखा गया।
सुबह 10 से शाम 7 बजे तक किया निरीक्षण इंदौर में रविवार को कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेलवे सेफ्टी नीलाभ्र सेनगुप्ता ने अपने छह सदस्यों के साथ मेट्रो के 11.5 किलोमीटर हिस्से में बने वायडक्ट व मेट्रो ट्रैक का निरीक्षण किया था। सुबह 10 बजे यह निरीक्षण शुरू हुआ था और शाम सात बजे खत्म हुआ था। ट्राली पर बैठ सीएमआरएस व उनके सहयोगी सदस्यों ने सुपर कॉरिडोर स्टेशन नंबर 2 से मालवीय नगर तक ट्राली पर बैठकर गए और हर मेट्रो स्टेशन के सामने रुककर ट्रैक का निरीक्षण किया था। इसके बाद वे वापस मालवीय नगर से सुपर कॉरिडोर स्टेशन नंबर 2 की ओर लौटे और मेट्रो के डाउन ट्रैक का अवलोकन भी किया।
एयरपोर्ट से सुपर कॉरिडोर जाने वाले ध्यान दें मेट्रो स्टेशन कार्य के चलते एयरपोर्ट से सुपर कॉरिडोर जाने वाला मार्ग अब से अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया हैं। अब इस रूट से जाने वाले सभी राहगीरों को बिजासन माता मंदिर वाले रोड से धारा रोड जाना पड़ेगा और वहां से चौराहे से यू-टर्न लेकर वापस सुपर कॉरिडोर पर आना होगा। गोम्टगिरी और हातोद जाने वाले भी इस रूट से जा पाएंगे।
6 किलोमीटर तक संचालन बंद निरीक्षण के चलते छह किलोमीटर के हिस्से में मेट्रो का संचालन बंद कर दिया गया है। इस दौरान ट्रैक के साथ-साथ कोच की रफ्तार, ब्रेक सिस्टम और स्टेशनों की व्यवस्थाओं की भी जांच की जा रही है। यह पूरा निरीक्षण 18 मार्च तक जारी रहेगा। इस समय मेट्रो का संचालन गांधी नगर से सुपर कॉरिडोर के बांगड़दा तक करीब छह किलोमीटर के दायरे में हो रहा है। यह इलाका आबादी से थोड़ा दूर होने की वजह से यहां यात्रियों की संख्या अभी काफी कम रहती है।
पहले चरण के निरीक्षण में नहीं मिली कोई खामी कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेलवे सेफ्टी की टीम पहले ही 11 स्टेशनों और ट्रैक का प्रारंभिक निरीक्षण कर चुकी है। पहले चरण की जांच में किसी तरह की बड़ी खामी सामने नहीं आई थी। अब अंतिम निरीक्षण किया जा रहा है। अगर इस निरीक्षण के बाद मंजूरी मिल जाती है, तो मेट्रो ट्रेन का संचालन गांधी नगर से रेडिसन चौराहे तक शुरू हो सकेगा। इससे करीब 17 किलोमीटर लंबे रूट पर यात्रियों को मेट्रो की सुविधा मिलने लगेगी।
चार नए स्टेशनों का काम अंतिम चरण में
मेट्रो के इस विस्तार के साथ ही चंद्रगुप्त मौर्य प्रतिमा स्टेशन, सुखलिया ग्राम स्टेशन, विजय नगर और रेडिसन चौराहा स्टेशन का काम भी लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इन स्टेशनों पर फिलहाल फिनिशिंग वर्क और रंगाई-पुताई का काम चल रहा है। प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों का लक्ष्य है कि मार्च के अंत तक इन स्टेशनों का काम पूरा कर लिया जाए। इसके बाद अप्रैल के पहले सप्ताह में इस पूरे 17 किलोमीटर रूट पर मेट्रो का संचालन शुरू करने की तैयारी है, जिससे शहर के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
