सुबह से देर रात तक जुट रहा भक्तों का मेला – प्रतिदिन संघ्या को आरती के लिए उमड़ रहा जनसैलाब, आज रात शास्त्रीय संगीत

इंदौर
दशहरा मैदान स्थित ‘अवध लोक’ पर सबके राम लोक कल्याण समिति के तत्वावधान में चल रहे श्रीराम जन्मोत्सव में दिनोंदिन भक्तों का सैलाब उमड़ रहा है। यहां चल रहे लक्ष्मीनारायण महायज्ञ में 16 हजार 108 आहुतियों के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 4 हजार आहुतियां संपन्न हो चुकी हैं। विद्वान आचार्य यहां प्रतिदिन सुबह समवेत स्वर में स्वाहाकार और मंत्रों एवं श्लोकों की मंगल ध्वनि का उच्चारण करते हैं तो समूचा दशहरा मैदान परिसर गुंजायमान हो उठता है। संध्या को वृन्दावन के प्रेम मंदिर में राम दरबार की आरती में भी भक्तों की संख्या निरंतर बढ़ रही है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता दीपक जैन टीनू, जिला सह संघचालक लोकेश सोलंकी सहित विहिप एवं संघ से जुड़े अनेक पदाधिकारियों ने यहां पहुंचकर रामलला की आरती में भाग लिया और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।
‘सबके राम‘ लोक कल्याण समिति के संयोजक महेन्द्रसिंह चौहान एवं प्रवीणा अग्निहोत्री ने बताया कि वृन्दावन की यमुना नदी से लाए गए पवित्र जल एवं पावन माटी के दर्शन भी यहां आने वाले भक्तों को आल्हादित बना रहे हैं। अनेक श्रद्धालु पवित्र जल एवं माटी के दर्शन मात्र से स्वयं को अभिभूत मान रहे हैं। प्रतिदिन शाम को जब राम गीत धुन बजती है तो मैदान का माहौल भक्ति भाव से भरपूर बन जाता है। संध्या को आरती में गर्भगृह में खड़े रहने की जगह भी बमुश्किल मिल पाती है। रात्रि में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला भी भक्तों के लिए श्रद्धा और आकर्षण का केन्द्र बन गया है। सबके राम महोत्सव में श्रद्धालुओं का सैलाब निरंतर बढ़ता जा रहा है। यहां प्रतिदिन सांय 5 से 7 बजे तक निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का सिलसिला भी प्रारंभ हो गया है। बड़ी संख्या में महिलाओं एवं युवतियों ने यहां आकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। यह शिविर 26 मार्च तक चलेगा। मेले में प्रतिदिन सुबह 9 से 11 बजे तक श्रीराम महायज्ञ, सायं 6 बजे रामगीत धुन, सायं 7 बजे आरती एवं रात 8 बजे से प्रख्यात कलाकारों एवं रंगकर्मियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी आकर्षण के प्रमुख केन्द्र बने हुए हैं। आम भक्तों के लिए मेला स्थल सुबह 9 बजे से रात 11 बजे तक निशुल्क खुला है। मेले में पूर्वोत्तर भारत से पहली बार आए हस्तशिल्पकर्मी एवं महिला उद्यमियों के उत्पाद बहुत पसंद किए जा रहे हैं। यहाँ लगे व्यंजनों एवं चाट चौपाटी के स्टाल भी खाने-पीने के शौक़ीन परिवारों के लिए आकर्षण के केंद्र बने हुए हैं। बच्चों के लिए कई तरह के चकरी झूले भी इस मेले को लोकप्रिय बना रहे हैं।
आज के कार्यक्रम – दशहरा मैदान पर चल रहे सबके राम महोत्सव में प्रतिदिन सुबह 6 से 8 बजे तक योगासन, 8 से 9 बजे तक गौपूजन, 9 से 11 बजे तक लक्ष्मीनारायण महायज्ञ, दोपहर में 2 बजे से रात 11 बजे तक मेला, शाम 5 से 7 बजे तक प्रतिदिन भारतीय चिकित्सा पद्धति पंचकर्म से निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, 6 बजे रामधुन, 7 बजे आरती, 8 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। महोत्सव में 27 मार्च तक अनेक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में रविवार 22 मार्च को शास्त्रीय संगीत, 23 मार्च को शहीद दिवस पर राष्ट्र भक्ति से प्रेरित संघ गीत, 24 मार्च को करीब 20 स्कूलों के बच्चे सुगम संगीत एवं गायन स्पर्धा में शामिल होकर अपनी प्रस्तुतियां देंगे। 25 मार्च को नृत्य नाटिका, 26 को राम अर्चना और 27 मार्च को रामायण पर आधारित नृत्य नाटिका का आयोजन होगा जिसमें 5 वर्ष से 55 वर्ष आयु तक के प्रतिभागी भाग लेंगे।
