जिला सैनिक कल्याण कार्यालय इंदौर में 07 दिसंबर 2025 को सुबह 11 बजे से सशस्त्र सेना झंडा दिवस गरिमामय रूप से मनाया जायेगा। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कमांडर नगेश चन्द्र मालवीय (से.नि.) ने बताया कि सशस्त्र सेना झंडा दिवस प्रत्येक वर्ष 07 दिसंबर को सेना के अदम्य साहस, पराक्रम एवं राष्ट्र सेवा में महती भूमिका निभाने हेतु मनाया जाता है। इसके साथ ही सशस्त्र सेना झंडा दिवस देश के नागरिकों में देश प्रेम को बढ़ावा देने एवं सेना के प्रति आस्था एवं आभार प्रकट करने का एक शुभ-अवसर भी है। इस दौरान पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों की सहायता एवं कल्याण हेतु नागरिकों से स्वेच्छा से धन राशि का सहयोग भी लिया जाता है। उल्लेखनीय है की सशस्त्र सेना झंडा दिवस देश की आजादी के उपरांत से ही प्रत्येक वर्ष 07 दिसंबर को देशभर में मनाया जाता है।
इस अवसर पर मासिक सैनिक सम्मेलन का आयोजन भी किया जाएगा एवं पूर्व सैनिकों एवं आश्रितों की समस्या का निदान एवं शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी आयोजन के दौरान दी जाएगी। क्षेत्र के सभी पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, सैनिक विधवाओं एवं आश्रितों से आग्रह किया गया है की 07 दिसंबर 2025 को प्रातः 10:45 बजे तक जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, जयरामपुर कॉलोनी इंदौर में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाएं।
