
मध्य प्रदेश के 70वें स्थापना दिवस के अवसर पर नगर के प्रतिष्ठित शासकीय विद्यालय सांदीपनि अहिल्या आश्रम कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 1 में ज्ञान प्रेम संस्था के तत्वावधान में अंतर विद्यालय वाद विवाद प्रतियोगिता ‘वर्तमान परिपेक्ष में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की सार्थकता’ पर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ भरत शर्मा (राज्य मंत्री, संस्कृति मंत्रालय) , श्रीमती अनीता चौहान (संयुक्त संचालक इंदौर संभाग, शिक्षा विभाग) एवं विशेष अतिथि के रूप में श्रीमती नीतू डोंगरे (सहायक संचालक , शिक्षा विभाग) , श्रीमती लिली डाबर (मुख्य कार्यकारी पुस्तकालयाध्यक्ष , देवी अहिल्या पुस्तकालय , इंदौर ), ज्ञान प्रेम संस्था के अध्यक्ष श्री श्याम जी पांडे एवं कोषाध्यक्ष श्रीमती रुपाली तिवारी रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ पधारे सभी अतिथियों एवं संस्था के प्राचार्य श्री रमेश कुमार सेन उप प्राचार्य श्री विपिन कुमार जैन द्वारा मां अहिल्या एवं मां सरस्वती के पूजा अर्चन एवं दीप प्रज्ज्वलित के साथ हुआ। संस्था ज्ञान प्रेम के मानद सचिव श्री आशीष तिवारी ने अतिथियों का परिचय एवं स्वागत भाषण दिया । तत्पश्चात संस्था के प्राचार्य एवं उप प्राचार्य द्वारा पधारे अतिथियों का स्वागत किया गया।
अपने उद्बोधन कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ भरत शर्मा जी ने कहा कि कृत्रिम तार्किक बुद्धिमत्ता में भारतीय संस्कृति की नैतिक मूल्यों की दृष्टि उसकी सार्थकता का मापदंड होगी। मानवीयता, संवेदनशीलता, संयम, संतुलन और सद्भाव के सिद्धांत को समाहित करके AI (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) की सार्थकता भारत के “विश्वगुरु” की ओर बढ़ते प्रयासों का वौश्विक प्रमाण स्थापित करने में सहायक होगा ।
जब यह तकनीक में समाहित होगा तो केवल “स्मार्ट मशीनें” नहीं बनाएगी, बल्कि “संवेदनशील सहयोगी” भी बनाएगी। “बुद्धियोगं उपाश्रित्य मच्चित्तः सततं भव” अर्थात् बुद्धि का प्रयोग कल्याण के लिए होना चाहिए, न कि केवल लाभ के लिए। भारतीय संस्कृति का दृष्टिकोण इस नई तकनीक को मानवीय मूल्यों से जोड़ने में मार्गदर्शक बन सकता है।
अपने उद्बोधन में संयुक्त संचालक श्रीमती अनीता चौहान ने सभी को मध्य प्रदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित की। इस अवसर पर संस्था की दृष्टिबाधित छात्राओं के साथ मधुर मध्य प्रदेश गान की प्रस्तुति दी गई। साथ ही उन्होंने कहा कि संस्था सांदीपनि अहिल्या आश्रम क्रमांक 1 शिक्षा के क्षेत्र में बहुत ही उत्कृष्ट कार्य कर रही है । श्रीमती लिली डावर ने वाद विवाद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया। वाद विवाद प्रतियोगिता में नगर के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के 20 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। सहभागी सभी छात्र-छात्राओं द्वारा विषय के पक्ष में एवं विपक्ष में बहुत ही प्रभावी ढंग से अपने विचार प्रकट किए गए। पक्ष में प्रथम स्थान सराफा विद्या निकेतन स्कीम नंबर 71 , इंदौर की कक्षा 12 वीं की छात्रा कुमारी अमृता शर्मा, पक्ष में द्वितीय स्थान एवं तृतीय स्थान सांदीपनि शासकीय अहिल्या आश्रम कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 1, इंदौर की छात्राओं क्रमशः कक्षा 9 वीं की कुमारी समृध्दि बघेल एवं कक्षा 12वीं की कुमारी जया पंवार को प्राप्त हुआ एवं विपक्ष में प्रथम एवं द्वितीय स्थान सांदीपनि शासकीय अहिल्या आश्रम कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 1 की छात्राओं क्रमशः कक्षा 12वीं की कुमारी कशिश पचौरी एवं कक्षा 10वीं की कुमारी रागिनी राजभर को प्राप्त हुआ , तृतीय पुरस्कार सराफा विद्या निकेतन, महू की कक्षा 10वीं के छात्र आरुण तरुण को प्राप्त हुआ । विजेता छात्र छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वाद विवाद प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में डॉक्टर भावना निगम (पी. एच. डी. इन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस,
प्राध्यापक IET देवी अहिल्या विश्वविद्यालय एवं AI सलाहकार DEEPIOTICS ) एवं डॉक्टर अदिति खरात ( प्राध्यापक , प्रेस्टीज कॉलेज एवं काउंसलिंग साइकोलॉजिस्ट) ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन संस्था के उप प्राचार्य श्री विपिन कुमार जैन द्वारा किया गया एवं आभार प्रदर्शन संस्था ज्ञान प्रेम के अध्यक्ष श्री श्याम जी पांडे द्वारा किया गया, देवी अहिल्या पुस्तकालय , इंदौर ) द्वारा किया गया।
