रामलला की पोशाक के निर्माता मनीष त्रिपाठी एवं मूर्तिकार प्रशांत पाण्डेय का सम्मान भी होगा

इंदौर भारतीय सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना, अहिंसा, करुणा और समर्पण जैसे शाश्वत मूल्यों को समाज में सशक्त रूप से स्थापित करने के उद्देश्य से शहर में एक भव्य आध्यात्मिक आयोजन हो रहा है। ‘समर्पण के प्रतीक-महावीर’ शीर्षक यह विशेष कार्यक्रम महावीर एवं हनुमान जयंती के पावन अवसर पर होगा। इस कार्यक्रम का आयोजन बुधवार 1 अप्रैल को शाम 4 बजे रवीन्द्र नाट्यगृह में किया जाएगा।
आयोजन से जुड़ी जानकारी देते हुए संस्था सार्थक के प्रमुख दीपक जैन (टीनू) ने बताया कि यह कार्यक्रम समाज में नैतिकता, सेवा और समर्पण के मूल्यों को पुनर्स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस आयोजन में देश के प्रतिष्ठित संतों और विशिष्टजनों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। परम पूज्य स्वामी श्री गोविंद देव गिरी जी महाराज कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे, जो श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट, अयोध्या के कोषाध्यक्ष भी हैं, वहीं विश्व शांति केंद्र के संस्थापक परम पूज्य आचार्य श्री लोकेश मुनि जी अपने आशीर्वचन से उपस्थित जनसमूह को “समर्पण के प्रतीक महावीर” विषय पर आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संपर्क प्रमुख श्री प्रवीण गुप्त विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर अयोध्या से जुड़े दो प्रमुख व्यक्तित्वों को ‘महावीर सम्मान’ से अलंकृत किया जाएगा। इस विनम्र प्रयास में श्रीरामलला विग्रह के नियमित पोशाक निर्माता मनीष त्रिपाठी तथा श्रीराम दरबार के मूर्तिकार प्रशांत पाण्डेय शामिल हैं। इन विभूतियों का सम्मान समाज में समर्पण के साथ उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने की दिशा में संस्था सार्थक की परंपरागत पहल और प्रयास है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन समाज में सामाजिक समरसता, सकारात्मक ऊर्जा, सांस्कृतिक एकता और आध्यात्मिक जागरूकता को नई दिशा देगा तथा महावीर स्वामी और भगवान हनुमान के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
