इंदौर ने बनाया विश्व कीर्तिमान
प्रेम गोयल, राम गोपाल व्यास और सपना पाल को योग अलंकरण सम्मान से किया गया सम्मानित
इंदौर। नगर निगम इंदौर द्वारा संचालित योग मित्र अभियान के अंतर्गत प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर गौपुर चौराहे पर योग का भव्य आयोजन किया गया। महापौर पुष्यमित्र भार्गव की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में इंदौर ने एक नया विश्व कीर्तिमान स्थापित करते हुए एक साथ 10 हजार योग साधकों द्वारा भ्रामरी प्राणायाम कर एशिया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। यह रिकॉर्ड 3 मिनट 19 सेकंड का रहा।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके, मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, संभागीय प्रभारी रणवीर रावत, भाजपा के वरिष्ठ नेता शैलेंद्र बरुआ, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक मधु वर्मा, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार, वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्णमुरारी मोघे, क्रिकेटर नमन ओझा, वरिष्ठ समाजसेवी प्रेम गोयल, गोपाल गोयल, हरिनारायण यादव, अभिषेक शर्मा बबलू, पार्षद भारत रघुवंशी, रुपाली पेंढारकर, योगेश गेदर, ओ.पी. आर्य, शानू शर्मा, कमल वाघेला सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी, योग साधक और शहर की जागरूक जनता उपस्थित रही।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः ठीक 6 बजे हुई। इस दौरान विभिन्न योग साधकों द्वारा म्यूजिकल योग प्रस्तुतियां दी गईं। योग प्रशिक्षक चेतना जोशी तिवारी ने उपस्थित साधकों को योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों द्वारा योग मित्र अभियान की अधिकृत वेबसाइट का भी शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर योग एवं समाजसेवा के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए वरिष्ठ समाजसेवी प्रेम गोयल, राम गोपाल व्यास और सपना पाल को ‘योग अलंकरण सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने अपने संबोधन में कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि हमारा जन्म भारत की पुण्य भूमि पर हुआ है। हमारे पूर्वजों ने हमें दिव्य परंपराएं और संस्कार वरदान के रूप में दिए हैं। आज दुनिया के 151 देशों में भारत की ऋषि परंपरा का योग के माध्यम से विस्तार हो रहा है। योग व्यक्ति को लघु से विराट बनने की प्रेरणा देता है तथा पुरुषोत्तम बनने का शाश्वत मार्ग प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है और देश-प्रदेश में व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। योग के माध्यम से हम स्वयं को विकसित कर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकते हैं। वर्ष 2047 तक भारत को विश्व का नंबर एक राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने में योग महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा
कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि योग भारत की अमूल्य पूंजी है। भारत के ऋषि-मुनियों ने अपने तप और साधना के माध्यम से इस महान विद्या को प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि लगभग एक हजार वर्षों की गुलामी के कालखंड में हम अपनी योग परंपरा से दूर हो गए थे, जबकि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि शरीर, मन, आत्मा और बुद्धि का एकीकरण है।
उन्होंने कहा कि जब मनुष्य योग के वास्तविक स्वरूप को समझ लेता है तो उसका ईश्वर से साक्षात्कार संभव हो जाता है। योग आत्मिक उन्नति का सबसे सरल और प्रभावी मार्ग है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने योग को वैश्विक मंच पर स्थापित करने का कार्य किया है, जिसके परिणामस्वरूप आज विश्वभर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह के साथ मनाया जाता है और करोड़ों लोग योग को अपने जीवन का हिस्सा बना रहे हैं।
योग मित्र अभियान के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम न केवल इंदौर की एक बड़ी उपलब्धि रहा, बल्कि योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ। इंदौर द्वारा स्थापित यह विश्व कीर्तिमान शहर के लिए गौरव का विषय बन गया है।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर देश में नंबर वन 85 वार्डों में 140 स्थान पर 10000 से ज्यादा लोग रोज सुबह योग करते हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रयासों से दुनिया को एक सूत्र में बांधने के लिए 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित हुआ और प्रधानमंत्री जी के 12 अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर इंदौर में भ्रामरी प्राणायाम 3 मिनट से ज्यादा कर कर विश्व कीर्तिमान बनाया है यह विश्व कीर्तिमान में प्रधानमंत्री जी को समर्पित करता हूं और इंदौर की जनता को धन्यवाद देता हूं कि आपसी प्रेम सौहार्द और जन भागीदारी का योग जो हम करते हैं उसे इंदौर नंबर वन है और हमेशा इंदौर नंबर वन बना रहे उसमें योग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

