
इंदौर
इंदौर जिले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार प्रारंभ हुए संकल्प से समाधान अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसी सिलसिले में आज मंगलवार को प्रशासनिक संकुल महूगांव में खंड स्तरीय “संकल्प से समाधान” शिविर आयोजित किया गया, जो जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का सशक्त माध्यम बनकर उभरा। सुबह 10 बजे से शुरू हुए इस शिविर में विभिन्न विभागों ने अपने-अपने काउंटर स्थापित कर बड़ी संख्या में पहुंचे हितग्राहियों के आवेदन दर्ज किए और मौके पर ही समस्याओं के निराकरण की पहल की। शिविर की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि अभियान के तहत ग्राम स्तरीय शिविरों के माध्यम से प्राप्त कुल 13 हजार 997 आवेदनों में से 13 हजार 839 का सकारात्मक निराकरण कर हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इससे प्रशासन की तत्परता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से सामने आई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक सुश्री उषा ठाकुर ने शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यक्षमता की प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने “जल गंगा संवर्धन अभियान” का उल्लेख करते हुए नागरिकों से जल संरक्षण, पेयजल स्रोतों की साफ-सफाई और उनके संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया। आज सम्पन्न हुए खंड स्तरीय शिविर में कुल 183 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 42 का तत्काल समाधान कर दिया गया, जबकि शेष 141 आवेदनों को संबंधित विभागों को शीघ्र निराकरण के लिए भेजा गया है। इनके निराकरण की समय-सीमा तय की गई।
इस अवसर पर जनपद पंचायत एवं नगर परिषद महूगांव के जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने शिविर को और अधिक प्रभावी बनाया। सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी से यह आयोजन जनहित में एक सफल पहल साबित हुआ।
